समाचार · मध्य प्रदेश
चरहाई बाजार में धधका किराना गोदाम,डेढ़ घंटे में पाया काबू:रिफाइंड तेल, डालडा और किराना सामग्री जली; पूजा के दीपक से आग लगने की आशंका
दमोह के चरहाई बाजार में सोमवार रात किराना गोदाम में आग लग गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। गोदाम में रखा रिफाइंड तेल, डालडा, गुड़, शक्कर समेत अन्य सामान जल गया। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं हुआ है। गोदाम दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र में है और पप्पू जैन खजरी वालों की है। सोमवार रात करीब 8 बजे गोदाम बंद थी। इसी दौरान उसमें से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। परमा का दिन होने के कारण बाजार बंद था। आसपास के लोगों ने आग देखकर पप्पू जैन को सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और अन्य व्यापारियों को भी जानकारी दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और सीएसपी एचआर पांडे मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। गोदाम में रिफाइंड तेल और डालडा के पैकेट, गुड़, शक्कर सहित किराना सामग्री रखी थी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। पूजा के दीपक से आग लगने की आशंका सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम संचालक ने पूजा के लिए दीपक जलाया था। उससे आग लगने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि गोदाम में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है। मंगलवार सुबह गोदाम खाली होने के बाद ही नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी।