समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर जिला अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत, हंगामा:परिजनों ने इलाज में देरी का आरोप लगाया; दूसरी गर्भवती का परिसर में प्रसव, मां-बच्चा स्वस्थ
शाजापुर जिला अस्पताल में सोमवार रात बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर होकर आई प्रसूता और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। इसी दौरान डिलीवरी के लिए लाई गई एक अन्य गर्भवती महिला का अस्पताल परिसर में फर्श पर ही प्रसव हो गया। मरीजों के परिजनों ने शोर मचाया, तब अस्पताल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और महिला व नवजात को इलाज के लिए ले गए। दोनों की हालत स्वस्थ बताई गई है। बोलाई से रेफर होकर आई थी प्रसूता जानकारी के अनुसार, ग्राम सिमरोल निवासी मोनिका पति हंसराज परमार को प्रसव संबंधी परेशानी के चलते पहले बोलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां नवजात की हलचल ठीक नहीं थी और प्रसूता को ब्लीडिंग हो रही थी। इसके बाद दोनों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। कुछ समय बाद प्रसूता और नवजात की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर और कर्मचारी मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त थे। इस कारण प्रसूता और नवजात को समय पर इलाज नहीं मिल सका। हालांकि, मौत की वजह और इलाज में लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच मामले में अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह प्रसूता और नवजात के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। एक ही शाम में सामने आई इन दोनों घटनाओं के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं।