समाचार · बिहार
दुनिया भर से सिर्फ 2 हिंदी कवि चुने गए! खगड़िया के छात्र की कविता अंतरराष्ट्रीय पत्रिका में प्रकाशित, Indian Book of Records में दर्ज

खगड़िया. साहित्य के क्षेत्र में जिले के युवा प्रतिभा अमन कुमार ने अपनी उपलब्धि से खगड़िया का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत कोशी कॉलेज में इतिहास प्रतिष्ठा प्रथम सेमेस्टर के छात्र अमन की मूल हिंदी कविता 'कोसी के किनारे' को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका 'असम म्यूज- पोएट्री एंड प्रोज मैगजीन' में जगह मिली है. पत्रिका के ऑटम स्पेशल 2026 अंक के पृष्ठ संख्या 36 पर प्रकाशित इस कविता को वैश्विक साहित्यिक मंच पर पहचान मिली है. उनकी इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी मान्यता दी है.
हिंदी खंड में दुनिया के दो रचनाकारों को मिली जगह
अमन कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पत्रिका के हिंदी कविता खंड में दुनिया भर से केवल दो रचनाकारों की रचनाओं को स्थान मिला है. पत्रिका के प्रथम वर्ष के चौथे अंक में अमेरिका, यूरोप और एशिया के विभिन्न देशों के साहित्यकारों की रचनाएं प्रकाशित हुई हैं. ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर हिंदी कविता के माध्यम से खगड़िया की पहचान स्थापित करना उनके लिए गर्व की बात है.
इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उपलब्धि को दी मान्यता
अमन की इस साहित्यिक उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी अपने रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए अनुमोदित किया है. संस्था ने इसे 'एक अंतरराष्ट्रीय बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका में प्रकाशित मूल हिंदी कविता - वास्तविक जीवन के अनुभवों का मिश्रण' शीर्षक के तहत भारतीय रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी है. इससे अमन की उपलब्धि को एक और महत्वपूर्ण पहचान मिली है.
संपादक और विश्वविद्यालय के कुलपति ने दी बधाई
अमन कुमार की सफलता पर असम म्यूज की एडिटर-इन-चीफ गुना मोरन ने आधिकारिक संदेश भेजकर उन्हें बधाई दी है. वहीं, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी छात्र की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. कोशी कॉलेज के प्राचार्य और प्राध्यापकों ने इसे कॉलेज के साथ पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है.