Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंदसौर में गोवर्धन पूजा पर पशुपालकों का सम्मान:चार विधानसभा क्षेत्रों के विजेताओं को मिले पुरस्कार, पहले स्थान पर आने वाले को 1 लाख रुपए दिए

INT News9 November 2026 at 09:26 pm

मंदसौर में सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोशालाओं में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान गोवंश की पूजा की गई और गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर चर्चा हुई। दलौदा तहसील के बेपहपुर गांव स्थित संत श्री रोटी रामजी गोशाला में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गोवर्धन और गोवंश का पूजन किया। उन्होंने गोशाला का दौरा कर वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि गोसेवा के जरिए गोशाला संचालक पुण्य कमा रहे हैं। शासन और प्रशासन गोशालाओं के संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी मदद के साथ आर्थिक गतिविधियां भी शुरू करनी चाहिए। उन्होंने बेपहपुर की गोशाला में स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। पशुपालकों के खातों में भेजी पुरस्कार राशि कार्यक्रम के दौरान भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक से पुरस्कार राशि भेजी। योजना के तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार के लिए 50 हजार और तृतीय पुरस्कार के लिए 25 हजार रुपए दिए गए। कलेक्टर ने स्थानीय विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। चार विधानसभा क्षेत्रों के पशुपालकों को मिले पुरस्कार उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. राजेंद्र सिंह डामोर ने बताया कि जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के चुने गए वृंदावन गांवों में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसके विजेताओं की सूची इस प्रकार है। मंदसौर विधानसभा (नांदवेल): ओमप्रकाश भगवती प्रथम, राजकुमार प्रहलाद द्वितीय और जगदीश नानूराम तृतीय स्थान पर रहे। मल्हारगढ़ विधानसभा (धुंधड़का): तुलसीराम नंदराम प्रथम, वीरेंद्र विष्णु गिर द्वितीय और जमनैश नंदकिशोर तृतीय रहे। सुवासरा विधानसभा (लदुना): दिलीप रमेश माली प्रथम, शेर खां लतीफ खां द्वितीय और मोहन सिंह जरेसिंह तृतीय रहे। गरोठ विधानसभा (संधारा): जगदीश राठौर को प्रथम पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार रमेश मसारे, तहसीलदार नीलेश पटेल, जनपद सीईओ धर्मेंद्र यादव, डॉ. राजेंद्र सिंह डामोर सहित प्रितपाल सिंह देवड़ा, कोमलचंद जैन, पप्पू सिंह सिसोदिया, पूनमचंद पाटीदार और डालूराम कुमावत मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना।