national
VIDEO: पैसों के लिए हैवान बना दिहाड़ी मजदूर, 4 साल के बच्चे की हत्या कर निकाले गुर्दे-फेफड़े और आंखें

पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. बच्चे का शव एक बोरे में बंद मिला था. उसे कंबल और रजाई में लपेटकर मक्के के खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबाया गया था.
5 नवंबर से लापता था बच्चा, पिता ने दर्ज कराई शिकायत
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) लाल उमेद सिंह के मुताबिक, बच्चे के पिता रामजीत राम (36) ने शनिवार को सन्ना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि उनका चार साल का बेटा जितेंद्र राम 5 नवंबर से लापता है.
रामजीत करीब एक साल पहले काम की तलाश में अपने परिवार के साथ सन्ना गांव आकर रहने लगे थे. वह आमाटचुआ नदी बांध के पास एक झोपड़ी में रहते थे. आरोपी बासुदेव उनका ममेरा भाई था और अक्सर घर आता-जाता था.
परिवार के साथ बच्चे की तलाश करते हुए शनिवार को पिता को उसका शव एक बोरे में मिला. शव कंबल और रजाई में लपेटकर खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में दबाया गया था.
दिहाड़ी मजदूरी से संतुष्ट नहीं था आरोपी
पुलिस ने जांच के बाद पास के चलनी गोर्रापाठ गांव के रहने वाले बासुदेव (27) को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
एसएसपी के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी से होने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था और जल्दी ज्यादा पैसा कमाना चाहता था. इसके लिए वह नियमित रूप से सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के तरीके खोजता रहता था. इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के अंग निकालकर बेचने का विचार आया.
बच्चे को शराब पिलाई, फिर चाकू से गला काटा
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को आरोपी बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले गया. उसने शराब और चिकन खरीदा और कथित तौर पर बच्चे को भी शराब पिलाई.
एसएसपी के अनुसार, जब बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने चाकू से उसका गला काट दिया. इसके बाद उसके शरीर को चीरकर गुर्दे, फेफड़े और आंखें निकाल लीं. इन अंगों को उसने एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिया.
वारदात के बाद आरोपी ने बच्चे के शव को कंबल और रजाई में लपेटकर बोरे में भरा और खेत के पास पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया. इसके बाद शव को मिट्टी से ढक दिया.
घटनास्थल से हथियार और अंगों से भरी बाल्टी बरामद
एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खुलासे के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया कथित हथियार, निकाले गए अंगों से भरी प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य सामान बरामद किया है. मामले की आगे जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में लिव-इन पार्टनर की हत्या, खून से लथपथ मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर, गर्लफ्रेंड और उसकी मां गिरफ्तार