समाचार · मध्य प्रदेश
25दिन से सप्लाई बंद, नदी-नालों का पानी पी रहे ग्रामीण:छिंदवाड़ा में 12 बच्चे बीमार, पांच के सैंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे
कन्हैया ढाना गांव में पिछले 25 दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए नदी-नालों और दूसरे स्थानीय जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस बीच गांव के 12 बच्चों में स्किन एलर्जी, सर्दी और खांसी के लक्षण मिले हैं। पांच बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उनके ब्लड सैंपल जांच के लिए जबलपुर भेजे गए हैं। गांव में पेयजल संकट और बच्चों की तबीयत बिगड़ने से चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के लिए पानी का एकमात्र नियमित सहारा बोरवेल था। करीब 25 दिन पहले लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की टीम इसकी मोटर निकालकर ले गई थी। इसके बाद से गांव में पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरी में लोग आसपास के नदी-नालों और दूसरे जल स्रोतों से पानी लाकर पीने और घरेलू कामों में इस्तेमाल कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीकि स्वास्थ्य विभाग और PHE विभाग की टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने प्रभावित बच्चों की स्थिति जानी और उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बच्चों का सही इलाज करने और उनकी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल संकट दूर करने के लिए PHE विभाग को जरूरी कार्रवाई करने को कहा। पांच बच्चों के ब्लड सैंपल जबलपुर भेजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर बच्चों की जांच की। इनमें पांच बच्चों की स्थिति अन्य बच्चों की तुलना में ज्यादा गंभीर पाई गई। उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए जबलपुर स्थित ICMR भेजे गए हैं। वहीं, PHE विभाग ने भी पानी के सैंपल लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पानी की गुणवत्ता और बीमारी के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। बीएमओ बोले- फिलहाल स्थिति नियंत्रण में परासिया बीएमओ डॉ. अंकित सहलाम ने बताया कि विभाग को पांच दिन पहले गांव में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी। बच्चों के शरीर पर स्किन एलर्जी के लक्षण थे। कुछ बच्चे सर्दी-खांसी से भी पीड़ित थे। इसके बाद उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए जबलपुर ICMR भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि PHE विभाग पानी के सैंपल की जांच रिपोर्ट कल देगा। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और गांव में कुल 12 बच्चों में ये लक्षण मिले हैं।