समाचार · झारखंड
बाबूलाल मरांडी के बुलेटप्रूफ गाड़ी लौटाने पर JMM का तंज- टेस्ला भी दे दें तो संतुष्ट नहीं होंगे

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी लौटाने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखने के बाद झारखंड में सियासत तेज हो गई है. इस मुद्दे पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बाबूलाल मरांडी पर तंज कसा है, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. JMM महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को टेस्ला की कार भी दे दी जाए, तो वे संतुष्ट नहीं होंगे. वहीं, कांग्रेस ने कहा कि अधिकारी बेलगाम हो गए हैं और ऐसे अधिकारियों को चिह्नित करने की जरूरत है.
टेस्ला भी दे दें तो संतुष्ट नहीं होंगे बाबूलाल : सुप्रियो
बाबूलाल मरांडी के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए JMM महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गाड़ी का खराब होना तकनीकी और मैकेनिकल मामला हो सकता है, लेकिन बाबूलाल मरांडी को अगर टेस्ला भी दे दिया जाए, तब भी वह संतुष्ट नहीं होंगे. उन्होंने बाबूलाल के राजनीतिक भविष्य पर भी टिप्पणी की. सुप्रियो ने कहा कि बाबूलाल मरांडी का राजनीतिक सफर समाप्त हो चुका है और 2029 तक बीजेपी का सफर भी समाप्त हो जाएगा. इस पर भाजपा के सभी लोगों को विचार करना चाहिए. पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा के सवाल पर सुप्रियो ने कहा कि इसकी जिम्मेदारी स्पेशल ब्रांच की है. सुरक्षा की समीक्षा स्पेशल ब्रांच करती है. अगर उसे लगता है कि किसी पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध या खतरा है, तो वह इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगी.
ये भी पढ़ें: PDS Jharkhand: झारखंड में राशन और कल्याणकारी योजनाओं का होगा सोशल ऑडिट
कांग्रेस ने साधी चुप्पी, अधिकारियों को बताया बेलगाम
इस मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सीधे मुख्यमंत्री या सरकार पर टिप्पणी करने से परहेज किया. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है. ऐसे में इस मामले पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा का सवाल है, तो अगर ऐसी स्थिति है, तो सरकार निश्चित रूप से इस पर विचार करेगी. हालांकि, अधिकारियों की कार्यशैली पर उन्होंने सवाल जरूर उठाए. केशव महतो कमलेश ने कहा कि अधिकारी इन दिनों बेलगाम हो गए हैं. ऐसे अधिकारियों को चिह्नित करने की जरूरत है, जो मनमाने तरीके से काम करते हैं और विधायक, मंत्री तथा जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनते. उनके पत्र का जवाब नहीं देते.
गाड़ी लौटाकर CM से पूछा- कब तक खटारा गाड़ी से सफर करूं?
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपनी सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराई गई करीब 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ सफारी सरकार को लौटा दी है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर गृह विभाग को गाड़ी वापस लेने और इसकी विधिवत पावती देने का निर्देश देने की मांग की है. मरांडी का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी गाड़ी नहीं बदली गई. उन्होंने याद दिलाया कि 21 मार्च 2026 को भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर वाहन की खराब स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन नवंबर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. अपने पत्र में उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर उनकी गाड़ी बदलने से रोका जा रहा है? अधिकारियों की ओर से अनौपचारिक बातचीत में ऊपर से रोक होने की बात कही जाती है. मरांडी ने मुख्यमंत्री से पूछा है कि आखिर यह ऊपर कौन है?
ये भी पढ़ें: झारखंड की आर्थिक स्थिति पर भाजपा का हमला, हेमंत सरकार से श्वेतपत्र जारी करने की मांग
सुरक्षा में तैनात जवानों की गाड़ियों पर भी उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने केवल अपनी बुलेटप्रूफ गाड़ी ही नहीं, बल्कि सुरक्षा में तैनात जवानों के वाहनों की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, काफिले में इस्तेमाल हो रही तीन जिप्सियां भी जर्जर हो चुकी हैं और चार लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं. उन्होंने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने का भी उल्लेख किया है. मरांडी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता तकनीकी जांच से ही चलेगा, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद सुरक्षा वाहनों की स्थिति में सुधार नहीं होना गंभीर सवाल खड़ा करता है.