Monday, 9 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अनूपपुर में दो जगह टक्कर, तीन घायल; युवक शहडोल रेफर:रामपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर; सुशील के सिर पर लगे 55 टांके

INT News9 November 2026 at 09:19 pm

अनूपपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया। घायल किशोर और अधेड़ का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। रामपुर मार्ग पर बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर पहली घटना शाम 6:30 से 7 बजे के बीच रामपुर मुख्य मार्ग पर रामपुर-टघरा गांव के पास हुई। बाइक सवार सुशील चौरसिया (24), पिता नानदेव चौरसिया और पीछे बैठे राजू बैगा (किशोर), पिता ठग्गू बैगा, दोनों निवासी रामपुर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद दोनों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सुशील के सिर पर करीब 50 से 55 टांके लगाए गए। डॉक्टरों के मुताबिक, सिर के दोनों तरफ लंबे घाव होने से काफी खून बहा था। खून रोकने के लिए टांके लगाए गए। उनकी हालत स्थिर बताई गई, लेकिन सिर में गंभीर चोट के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया गया। राजू के चेहरे, हाथ और पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, सुशील तीन भाइयों में सबसे छोटा है और स्थानीय निजी कंपनी में काम करता है। वहीं, राजू शासकीय उच्च विद्यालय रामपुर में कक्षा 9वीं का छात्र है। राजू ने बताया कि उसे हादसे के बारे में कुछ याद नहीं है। परिजनों ने दोनों को किसी काम से बाइक पर जाते देखा था, लेकिन वे कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी नहीं है। पिकअप की टक्कर से अधेड़ घायल दूसरी घटना शाम करीब 6 बजे अनूपपुर-चचाई मुख्य मार्ग पर मेडियारास गांव के पेट्रोल पंप के पास हुई। घर के लिए सामान खरीदने बाइक से अनूपपुर आ रहे प्रेमलाल रौतेल (42), पिता स्वर्गीय मतैया रौतेल, निवासी मेडियारास को अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में प्रेमलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। उनके सिर और पैर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, जांच के बाद चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल तीनों घायलों का इलाज जारी है। जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।