Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मां दुर्गा के सामने 35 लोगों ने किया रक्तदान:खिलचीपुर में सोनू सूद चैरिटी क्लब की पहल, दिवंगत सदस्यों की तस्वीरों के बीच दिया मानव सेवा का संदेश

INT News17 October 2026 at 12:54 pm

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शाहजी की बगीची स्थित मेड़तवाल धर्मशाला में नवरात्रि उत्सव के दौरान रक्तदान शिविर लगाया गया। शुक्रवार रात मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने आयोजित शिविर में 35 महिला-पुरुषों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। सोनू सूद चैरिटी क्लब के सहयोग से हुए शिविर में मेड़तवाल समाज के दिवंगत सदस्यों की तस्वीरें भी रखी गई थीं। श्रद्धालुओं ने अपनों की यादों के बीच रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। 19 साल से हो रहा मां फलौदी नवरात्रि उत्सव खिलचीपुर की मेड़तवाल धर्मशाला में मां फलौदी नवरात्रि उत्सव समिति पिछले 19 वर्षों से दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर रही है। इस बार समिति ने नवरात्रि उत्सव को रक्तदान जैसी सामाजिक पहल से जोड़ा। सोनू सूद चैरिटी से जुड़े नितेश गुप्ता ने साथियों के साथ मिलकर शिविर का आयोजन किया। पंडाल में मां फलौदी की तस्वीर और मां दुर्गा की प्रतिमा के पास समाज के दिवंगत सदस्यों की तस्वीरें रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मां के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान शिविर की खास बात यह रही कि रक्तदान के लिए अलग से लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया था। मां के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु ही स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आए। महिला और पुरुषों के लिए पंडाल में विशेष व्यवस्था की गई थी और पलंग लगाए गए थे। शिविर शुक्रवार रात 8 बजे शुरू हुआ और रात 12:30 बजे तक चला। राजगढ़ ब्लड बैंक की टीम ने रक्तदाताओं से रक्त एकत्रित किया। नितेश बोले- रक्तदान से बच सकती है किसी की जिंदगी आयोजन के दौरान नितेश गुप्ता ने माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्त का निर्माण कृत्रिम रूप से नहीं किया जा सकता और यह केवल दान से ही उपलब्ध होता है। जरूरत के समय यही रक्त किसी मरीज की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। नवरात्रि के दौरान आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ मानव सेवा में भी भागीदारी निभाई। इस पहल से दुर्गा पंडाल आस्था के साथ रक्तदान और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का माध्यम भी बना।