समाचार · पंजाब
ATM लूटने की कोशिश में नाबालिग सहित 3 युवक गिरफ्तार:VIDEO: पठानकोट में सीसीटीवी पर स्प्रे मारा, एटीएम तोड़ने का किया प्रयास, रेहड़ी लगाने वालों ने चुना अपराध का रास्ता
पठानकोट में फलों की रेहड़ी लगाने वाले 3 युवकों ने अपराध का रास्ता चुना और पहली ही कोशिश में असफल रहे और बाद में पकड़े भी गए। नबालिग सहित तीनों ने पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे स्थित नरोट मेहरा पुली सर्विस रोड पर एटीएम लूटने का प्रयास किया। एटीएम मशीन तोड़ने से पहले एक आरोपी ने वहां लगे सीसीटीवी पर स्प्रे मार काला कर दिया ताकि उनकी पहचान उजागर ना हो सके। लेकिन, एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी में आरोपियों की एटीएम तोड़ने की वारदात कैद हो गई। जिसमें आरोपी हथौड़े और तेजधार हथियार से एटीएम मशीन तोड़ते दिखे। हालांकि, ई-सर्विलांस सिस्टम के एक्टिव होते ही मुंबई स्थित कंट्रोल रूम से चेतावनी जारी हुई और एटीएम का हूटर बज उठा, जिससे घबराकर तीनों बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों लुटेरों को धर दबोचा, जिनमें से एक नाबालिग शामिल है। हालांकि, मामला 3 दिन पुराना है। लेकिन, इसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। सदर पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों दोस्त फलों की रेहड़ियां लगाते थे और पहली ही वारदात की कोशिश में पकड़े गए। फिल्हाल पुलिस ने 2 आरोपियों को पठानकोट जेल और तीसरे नाबालिग को होशियारपुर के बाल सुधार गृह में भेज दिया है। मुंबई से बजा हूटर और बची 12 से 15 लाख की नकदी स्प्रे मार कर तोड़ा एटीएम: एटीएम में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने कैमरों पर स्प्रे किया ताकि उनकी तस्वीर न आ सके। एटीएम के सीसीटीवी को पूरी तरह काला कर दिया। हथौड़े और तेजधार हथियार से मशीन तोड़ने की कोशिश: सीसीटीवी को स्प्रे मारने के बाद एक नकाबपोश ने हथौड़े और तेजधार हथियार के कई वार मशीन पर किए। जिससे मशीन का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मुंबई से पुलिस कंट्रोल रूम को मिला अलर्ट: एटीएम में लगे ई-सर्विलांस सिस्टम से मुंबई कंट्रोल रूम में तुरंत अलर्ट चला गया। वहां से पठानकोट पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और एटीएम में लगा सिक्योरिटी हूटर बजा दिया गया।
12 से 15 लाख का कैश सुरक्षित: हूटर बजते ही लुटेरे उल्टे पांव भाग खड़े हुए। एटीएम में करीब 12 से 15 लाख रुपये का कैश मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित बच गया। बहिलोलपुर मोड़ पर घेराबंदी कर दबोचे बदमाश सदर थाने में तैनात एएसआई बलविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अड्डा सरना से होते हुए गांव बहिलोलपुर जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों युवक बाइक पर नेशनल हाईवे लिंक रोड बहिलोलपुर मोड़ पर खड़े हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और भागने की कोशिश कर रहे बाइक सवार तीनों युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में कबूला जुर्म, FIR दर्ज पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने नरोट मेहरा पुली स्थित एसबीआई एटीएम में लूट के प्रयास की बात कबूल कर ली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजू निवासी चार मरला क्वाटर, साकिम उर्फ समीर निवासी मोहल्ला बजरी कंपनी और तीसरा नाबालिग निवासी सैनी मोहल्ला, बजरी कंपनी के तौर पर हुई। सदर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रेहड़ी लगाते चुना अपराध का रास्ता - जांच अधिकारी जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी पठानकोट में फ्रूट की रेहड़ियां लगाते थे। पूछताछ में इन्होंने कुबूल किया कि तीनों ने कोई बड़ा हाथ मारने का प्लान बनाया। पहले भी कई बार ये एटीएम लूटने की योजना बनाते रहते थे। जिसके बाद इन्होंने बिना सिक्योरिटी गार्ड वाला एटीएम चुना और वहां इस वारदात को अंजाम दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत तीनों को घेरकर काबू कर लिया। बताया कि तीनों में से किसी पर भी पहले कोई मामला दर्ज नहीं है।