समाचार · मध्य प्रदेश
राजस्थान में एक्सप्रेसवे पर हादसा,भोपाल-बैतूल के 8 लोगों की मौत:भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहे यात्रियों का टैंपो ट्रैवलर पुलिया से गिरा, 17 घायल
राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के भोपाल और बैतूल के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। यात्रियों से भरा टैंपो ट्रैवलर (मिनी बस) अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया। हादसा कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। ट्रैवलर में सवार लोग भोपाल से राजस्थान के खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे थे। सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में बैतूल जिले के मुलताई, साईंखेड़ा और पाटन क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। वहीं, मृतकों की सूची में भोपाल के राजीव नगर और भोपाल निवासी लोगों के नाम भी हैं। हादसे में महिलाओं के साथ युवा भी शामिल हैं। सीटों के बीच फंसे थे शव, खिड़कियां तोड़कर निकाले घायल हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सुबह अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ देरी हुई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रैवलर के पुलिया से नीचे गिरने के बाद कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए थे। कुछ मृतकों के शव सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायलों को बाहर निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। हादसे में घायल 17 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में 25 और 22 साल के युवा भी शामिल हादसे में जान गंवाने वालों में युवा और महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 25 वर्षीय वैष्णवी गावंडे, 22 वर्षीय त्रिशा गोडकी और 27 वर्षीय सचिन गिरी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा 55 वर्षीय कृष्णाराव गोडके और 50 वर्षीय अनिता की भी मौत हुई है। मृतकों में बैतूल जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों के साथ भोपाल के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस ने जारी किए मृतकों के नाम सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के नाम इस प्रकार हैं अरुणा : पत्नी कमलेश, निवासी मुलताई, थाना मुलताई, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश। वैष्णवी गावंडे (25) : पुत्री यादुराव गावंडे, निवासी मीरापुर, थाना साईंखेड़ा, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश। त्रिशा गोडकी (22) : पुत्री कृष्णाराव गोडकी, जाति कुन्बी, निवासी पाटन, थाना पाटन, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश। कृष्णाराव गोडके (55) : पुत्र बिट्टुभाई गोडके, जाति कुन्बी, निवासी पाटन, थाना पाटन, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश। अनिता (50) : पत्नी राजकुमार, जाति कुन्बी, निवासी सेक्टर-ए, राजीव नगर, भोपाल, मध्य प्रदेश। सचिन गिरी (27) : पुत्र कमलेश गिरी, निवासी भोपाल, मध्य प्रदेश। ओम सूर्यवंशी (26) : पुत्र रामकिशोर, जाति किराड़, निवासी सरा, थाना मुलताई, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश। राजुराम उर्फ राजकुमार (करीब 50 वर्ष) : पुत्र गेंदाराव। इनके पते की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है। भोपाल और बैतूल में पसरा मातम भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए निकले यात्रियों के साथ हुए इस हादसे में 8 लोगों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतकों की सूची में भोपाल और बैतूल, दोनों जगहों के लोगों के नाम शामिल हैं। हादसे में 17 अन्य यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के नाम और पते की जानकारी सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह ने दी है।