समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में शादी से लौट रही महिला से लूट:बाइक सवार 3 बदमाशों ने दंपती को घेरा, सोने का हार छीनकर फरार
दतिया के भांडेर थाना क्षेत्र में शादी समारोह से घर लौट रहे दंपती से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात की। 10 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे सरसई रोड पर नहर के पास पीछे से पल्सर बाइक पर आए बदमाशों ने महिला के गले से सोने का हार झपट लिया और फरार हो गए। कुल्हरिया निवासी हरीशंकर निरंजन अपनी पत्नी संध्या के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। मामले में हरीशंकर ने 16 अक्टूबर को भांडेर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी समारोह से लौटते समय वारदात हरीशंकर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 अक्टूबर को वह पत्नी संध्या के साथ भांडेर क्षेत्र में शांति वेयर हाउस के पास आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में खाना खाने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव कुल्हरिया लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे सरसई रोड पर नहर के पास पहुंचने पर पीछे से पल्सर बाइक पर सवार तीन लोग उनके पास आ गए। पत्नी के गले से हार झपटकर भागे फरियादी के मुताबिक, बाइक सवार बदमाशों ने उनके पास पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। पीछे बैठे बदमाश ने संध्या के गले में पहना सोने का हार झपट लिया। इसके बाद तीनों बाइक से मौके से फरार हो गए। दंपती ने शोर मचाकर बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।