Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

8 साल के बच्चे का अपहरण,15 लाख की फिरौती मांगी:6 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला; समोदा के पेट्रोल पंप के पास बच्चे को छोड़कर भागे आरोपी

INT News17 October 2026 at 01:47 pm

रायपुर जिले के आरंग में 8 साल के बच्चे का अपहरण कर 15 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने करीब 6 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें दो युवक और एक नाबालिग शामिल है। आरोपियों ने बच्चे को ग्राम समोदा के पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया था। पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को बच्चे के पिता ने आरंग थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। वह इंदिरा चौक स्थित मेडप्लस मेडिकल स्टोर में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी नर्स हैं। घटना की सुबह मां ने बेटे को मेडिकल स्टोर पर छोड़ा था। सुबह करीब 9 बजे बच्चा साइकिल चलाने और खेलने की बात कहकर दुकान से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी गई। फिरौती के लिए आया फोन, पुलिस ने की नाकेबंदी बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तलाश शुरू की। इसी दौरान परिजन के मोबाइल पर अज्ञात लोगों का फोन आया। फोन करने वालों ने बच्चे को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपए मांगे। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और रेंज साइबर सेल की मदद से तकनीकी निगरानी शुरू की। पुलिस ने संभावित रास्तों पर चेकिंग की और पड़ोसी जिलों को भी अलर्ट किया। घेराबंदी बढ़ने पर आरोपी बच्चे को ग्राम समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बलौदाबाजार के गांव से पकड़े गए आरोपी तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम दतरेंगी में दबिश दी। यहां से दो आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने अपहरण और फिरौती मांगने की बात स्वीकार की। पकड़े गए आरोपी हेमंत उर्फ छोटू निषाद (25), निवासी दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार। मिथलेश ध्रुव उर्फ भुरू (20), निवासी दतरेंगी, थाना गिधपुरी, जिला बलौदाबाजार। एक नाबालिग। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।