समाचार · हरियाणा
BJP कार्यालय के बाहर किसानों ने फूंका CM का पुतला:हिसार में बोले-MSP पर नहीं बिक रही फसलें, मंडियों में एक महीने से पड़ा धान
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को विभिन्न किसान संगठनों ने हिसार स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ रोष जताया। प्रदर्शन को देखते हुए कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसान पहले रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचे। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने हरियाणा की 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने का भरोसा दिया था, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। किसान नेता सुरेंद्र मान ने कहा कि 14 अक्टूबर को किसानों ने MSP पर खरीद की मांग को लेकर मार्केट कमेटी कार्यालयों पर तालाबंदी की थी। इसके बावजूद मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, इसलिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। मंडियों में धान पड़ा, मूंग-बाजरे के कम दाम मिलने का दावा किसान नेता शमशेर नंबरदार ने कहा कि मंडियों में धान की फसल एक महीने से पड़ी है। जींद से उकलाना तक किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि मूंग 7,300 से 7,800 रुपए प्रति क्विंटल और बाजरा 1,900 से 2,100 रुपए प्रति क्विंटल तक खरीदा जा रहा है। उनके अनुसार, मूंग का MSP 8,781 रुपए और बाजरे का 2,900 रुपए प्रति क्विंटल है। उन्होंने रबी सीजन की फसलों के लिए DAP खाद की कमी और कथित कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया। MSP पर खरीद होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी किसान नेता सदानंद राजली ने कहा कि धान, मूंग और बाजरे की फसल MSP पर खरीदी जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया कभी शुरू होती है तो कभी बंद कर दी जाती है। किसानों के अनुसार, मंडियों में खुले आसमान के नीचे फसल पड़ी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक फसलों की MSP पर खरीद सुनिश्चित नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों के बाहर मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने का कार्यक्रम रखा गया।