समाचार · हरियाणा
कॉकरोच जनता पार्टी का देशभर में संगठन विस्तार:हरियाणा में नई टीम घोषित,झज्जर के चार्ली शर्मा समेत छह सदस्य प्रदेश समन्वय समिति में शामिल
कॉकरोच जनता पार्टी ने देशभर में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कई राज्यों और क्षेत्रों में नई समन्वय समितियों का गठन किया है। इस संगठनात्मक विस्तार के तहत हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर सहित पूर्वोत्तर क्षेत्र में नए पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हरियाणा में संगठनात्मक फेरबदल के तहत डॉ. विवेक सांगवान को उत्तर क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं मोहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली को उत्तर क्षेत्र समन्वय समिति में शामिल किया गया है। इसके अलावा हरियाणा प्रदेश समन्वय समिति में छह सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। झज्जर के चार्ली शर्मा को प्रदेश समिति में जगह इस नियुक्ति में झज्जर जिले के गांव डीघल निवासी चार्ली शर्मा (चंद्रमोहन शर्मा) को भी प्रदेश समन्वय समिति में शामिल किया गया है। उनके साथ फतेहाबाद से रोशन कुलरिया, करनाल से हर्षिल मनचंदा, भिवानी से संदीप खरकिया, नूंह से मुब्बासिर और सिरसा से शिल्पा को समिति में स्थान दिया गया है। चार्ली शर्मा को प्रदेश स्तर की समिति में शामिल किए जाने से झज्जर जिले को भी संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है। उनकी जिम्मेदारी प्रदेश के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल स्थापित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में रहेगी। कई राज्यों में नई समितियों का गठन पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जम्मू-कश्मीर में चार, पश्चिम बंगाल में 12, उत्तराखंड में छह, राजस्थान में पांच, झारखंड में 14, बिहार में 14, उत्तर प्रदेश में 16, महाराष्ट्र में 15 और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 14 सदस्यों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अतिरिक्त क्षितिज पगार को पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। अलग-अलग राज्यों से कार्यकर्ताओं को समितियों में शामिल कर संगठन का दायरा बढ़ाने का प्रयास किया गया है। संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी पार्टी का उद्देश्य विभिन्न राज्यों में मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करना और स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। नई समितियों के गठन से संगठन की गतिविधियों को गति देने और अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने की उम्मीद जताई गई है। पार्टी की ओर से नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की गई है।