समाचार · हरियाणा
करनाल में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख:तेज हवा के झोंके से दो खेतों में फैली आग, किसानों ने डायल 112 पर कॉल नहीं मिलने का लगाया आरोप
करनाल जिला के असंध क्षेत्र में अचानक खेतों में आग लगने से करीब दो एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग दोनों खेतों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। किसानों ने सरकार से फसल के नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। तेज हवा से दूसरे खेत तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार किसान सतीश के खेत में अचानक आग लग गई। खेत में गन्ने की फ़सल थी। इसी दौरान हवा का तेज झोंका आने से आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते आसपास के दूसरे खेत को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते दोनों खेतों की फ़सल जल गई। डायल 112 पर कॉल नहीं मिलने का आरोप
किसानों का आरोप है कि आग लगने के बाद उन्होंने मदद के लिए कई बार डायल 112 पर फोन किया, लेकिन नंबर नहीं मिला। हर बार लाइन व्यस्त आने के कारण संपर्क नहीं हो सका। किसानों का कहना है कि यदि समय पर सहायता मिल जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। बाद में सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मुआवजे की मांग, पुलिस करेगी जांच
आग से हुए नुकसान के बाद किसानों ने सरकार से मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि आग के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।