समाचार · हरियाणा
दिसंबर में होगा HTET:शिक्षा बोर्ड चेयरमैन बोले- जल्द तिथियां होंगी घोषित, अभ्यार्थी रखें तैयारी, पिछली बार 2.33 लाख ने किया था आवेदन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा हर साल ली जाने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 की तैयारी कर ली गई है। अधिकारियों द्वारा दावा किया जा रहा है कि इसी साल एचटेट होगा, हालांकि अभी तक तिथियों की घोषणा नहीं हो पाई है। हालांकि शिक्षा बोर्ड द्वारा 26-27 दिसंबर को एग्जाम करवाने के लिए प्रपोजल भेजा गया है। इसी को लेकर शिक्षा बोर्ड द्वारा तैयारी भी की जा रही है। हालांकि शिक्षा बोर्ड चेयरमैन का कहना है कि उनकी तैयारी पूरी है, अब इंतजार केवल औपचारिक घोषणा का है। बता दें कि कोर्ट ने हर साल एचटेट करवाने के निर्देश दिए हुए हैं। इसके लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा हर साल एचटेट करवाना पड़ रहा है। लेकिन एचटेट-2025 का आयोजन इसी साल जुलाई में हुआ था और रिजल्ट अगस्त में जारी किया गया था। इसलिए अभी एचटेट करवाने के लिए करीब डेढ़ महीने का समय इस साल बचा हुआ है। अगर निर्धारित तिथियों में एचटेट नहीं हो पाता है तो आगे लंबा भी खिंच सकता है। इधर, एचटेट-2026 का काफी अभ्यार्थी इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर धूपड़ ने कहा कि जल्दी ही एचटेट पेपर की तिथियों की घोषणा कर दी जाएगी। हमनें तिथियां निर्धारित करके भेज रखी हैं। उसकी जल्दी ही घोषणा होनी है। एचटेट को लेकर तैयारियों की बात करें तो सभी पूरी कर ली गई हैं। इसी साल में दिसंबर के महीने में एग्जाम करवाएंगे। जल्दी ही सभी चीजें तय हो जाती हैं तो तिथियों की भी घोषणा कर देंगे। 2.33 लाख ने किया था एचटेट-2025 के लिए आवेदन
एचटेट-2025 के लिए 2.33 लाख अभ्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया था। इनमें से एक लाख 66 हजार 137 लड़कियां थीं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में से 1.92 लाख ने ही एग्जाम दिया। 4 और 5 जुलाई को ये परीक्षा हुई थीं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET-2025) का रिजल्ट 22 अगस्त को घोषित किया था। इसमें 31 हजार 847 स्टूडेंट पास हुए। कुल मिलाकर तीनों लेवल का रिजल्ट 16.57% रहा है, जो पिछले 10 साल में सबसे अच्छा था। इससे पहले 2016 में 22.08% अभ्यर्थी पास हुए थे। प्राइमरी टीचर (लेवल-1) का रिजल्ट सबसे खराब रहा, इसमें सिर्फ 3.53% अभ्यर्थी ही पास हुए। कुल 31402 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था। ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (लेवल-2) में सफलता प्रतिशत सबसे अधिक 20.71 रहा। कुल 99 हजार 896 ने पेपर दिया था। पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (लेवल-3) में 16.5% अभ्यर्थी सफल रहे। कुल 60 हजार 922 स्टूडेंट्स ने पेपर दिया था।