Sunday, 15 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Video: रोहित शर्मा की राह पर वैभव सूर्यवंशी! टॉस के बाद भूले अपनी ही टीम का कॉम्बिनेशन

INT News15 November 2026 at 06:56 am

Vaibhav Sooryavanshi : टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मैदान पर कई बार अपने भूलने की आदत को लेकर चर्चा में रहे हैं. अब ऐसा ही एक दिलचस्प वाकया 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के साथ देखने को मिला है. बिहार की कप्तानी संभालते हुए वैभव टॉस के बाद अपनी ही टीम का कॉम्बिनेशन भूल गए. उनका जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दरअसल, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी पहली बार कप्तान के रूप में मैदान पर उतरे. उन्होंने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टॉस के बाद जब उनसे टीम कॉम्बिनेशन को लेकर सवाल पूछा गया, तो वैभव मुस्कुराने लगे. इसके बाद उन्होंने कहा, 'लगता है सर, मैं भूल गया.' उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक सके.

यहां देखें वीडियो

टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बने वैभव

सौराष्ट्र के खिलाफ मुकाबला वैभव सूर्यवंशी के करियर के लिए बेहद खास रहा. 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी करते हुए उन्होंने पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र का कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले यह उपलब्धि क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम थी. उन्होंने अगस्त 2025 में 17 साल और 311 दिन की उम्र में साइप्रस के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में कप्तानी की थी.

ये भी पढ़ें: 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने टी20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान

कप्तानी मिलने पर क्या बोले वैभव?

बिहार की कमान मिलने पर वैभव सूर्यवंशी ने अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि क्रिकेट में उनका सफर बिहार से ही शुरू हुआ और अब इसी राज्य की टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिलना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है. उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए आभार जताते हुए टीम के लिए पूरी ईमानदारी से अपना योगदान देने की बात कही थी. बिहार क्रिकेट संघ ने घरेलू टी20 टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए उन्हें कप्तान बनाया है.

नहीं चला वैभव का बल्ला

कप्तान के रूप में वैभव का पहला मुकाबला हालांकि टीम और उनके लिए निराशाजनक रहा. वह 12 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया ने उन्हें कैच एंड बोल्ड किया. बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 137 रन ही बना सकी. पृथ्वी राज ने सर्वाधिक 38 रन बनाए.

बिहार को मिली हार

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम ने 16.3 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली. हरवंश पंगालिया ने सिर्फ 11 गेंदों में 33 रन की विस्फोटक पारी खेली. उन्होंने तीन छक्के और तीन चौके लगाए. इस तरह वैभव के कप्तानी डेब्यू में बिहार को हार का सामना करना पड़ा.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 में सुपर स्ट्राइकर बने थे वैभव सूर्यवंशी, 5 महीने बाद दिवाली पर घर पहुंची टाटा सिएरा