समाचार · छत्तीसगढ़
आज छत्तीसगढ़ आएंगे BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्मृति ईरानी:धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम, यहां कांग्रेस ने लगातार 3 चुनाव जीते
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रभारी स्मृति इरानी शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। कांग्रेस विधायक वाली इस सीट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। धरमजयगढ़ रायगढ़ जिले की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीट है। यह क्षेत्र आदिवासी बहुल है और राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला लंबे समय से रहा है। पिछले 5 विधानसभा चुनावों के नतीजे देखें तो शुरुआती 2 चुनावों में बीजेपी को सफलता मिली, जबकि उसके बाद कांग्रेस ने लगातार 3 बार जीत दर्ज की। जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसका सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व है। दूसरी, बीजेपी इस आयोजन को बड़े स्तर पर कर रही है और इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। ऐसे में इसका राजनीतिक संदेश भी है। आदिवासी समाज के बीच अपनी पहुंच और संगठन की सक्रियता दिखाने का यह पार्टी के लिए एक अवसर हो सकता है। देशभर में मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती है। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उन्हीं की स्मृति में पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। आयोजकों के अनुसार यह समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनजातीय समाज के गौरव, परंपरा, नृत्य, गीत, भाषा और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। भगवान बिरसा मुंडा के बारे में एक परिचय भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। मुंडा जनजाति में जन्मे बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज धरती आबा अर्थात धरती का पिता कहकर सम्मान देता है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने महाविद्रोह का बिगुल फूंका। उन्होंने आदिवासी समाज को सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और नशे से दूर रहने व अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखने का संदेश दिया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया। 900 पुलिस अधिकारी-जवानों की तैनाती जनजातीय गौरव सम्मेलन की सुरक्षा के लिए 900 पुलिस अधिकारी-जवानों की तैनाती की गई है। इनमें 10 ASP और 24 DSP को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। VIP, मीडिया, शासकीय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए 10 अलग-अलग पार्किंग बनाई गई हैं। चार कट-ऑफ पॉइंट के साथ अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। 15 नवंबर की सुबह 4 बजे से धरमजयगढ़ में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर और स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रखा गया है।