Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार में इमिग्रेशन ऑफिस में घुसकर युवक पर हमला:पैसे के लेन-देन में की वारदात, गोली मारने की धमकी देकर स्कॉर्पियो-स्विफ्ट में फरार

INT News17 October 2026 at 12:47 pm

हिसार शहर के डाबड़ा चौक के पास स्थित फ्यूचर फ्लाइट ट्रेवल्स एंड कंसल्टेंसी ऑफिस के बाहर पैसे के लेन-देन को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई। आरोपियों ने बकाया पैसे मांगने पर ऑफिस के मालिक और उसके दोस्त पर सुए, थप्पड़ और घूंसों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के बाद युवकों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नवीन सैनी, वीर उर्फ भरता, अरविंद पंडित, अमन, शिव और 4-5 अन्य अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 109(1), 115, 118(1), 190, 191(2), 191(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। एफिडेविट मांगने पर हुआ विवाद शुरू कैमरी रोड निवासी पीड़ित दीपांशु (25) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके दोस्त विक्रम (निवासी मिरका) ने सातरोड खुर्द निवासी नवीन सैनी से 7.50 लाख रुपए लेने थे। करीब दो महीने पहले दोनों के बीच समझौता हुआ था कि नवीन 6 महीने में रुपए चुका देगा। एक महीने पहले जब दीपांशु ने नवीन से पैसे का एफिडेविट (शपथ पत्र) मांगा तो वह तैश में आ गया। गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे विक्रम के पास नवीन का फोन आया कि वह पैसों के हिसाब के लिए डाबड़ा चौक स्थित उसके ऑफिस आ रहा है। विक्रम ने दीपांशु को भी वहीं बुला लिया। सुए से किया गर्दन पर वार, गोली मारने की धमकी दीपांशु जब ऑफिस के नीचे पहुंचा तो उसने देखा कि नवीन सैनी, वीर उर्फ भरता, भानू गैंग से जुड़ा अरविंद पंडित, अमन, शिव और 4-5 अन्य युवक विक्रम के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान नवीन ने उस पर सीने और गर्दन पर हमला कर दिया। दीपांशु ने तुरंत झुककर हाथ आगे किया, जिससे सुआ उसकी दाहिनी बाजू पर जा लगा। आरोपियों ने दोनों पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान आरोपी अरविंद पंडित ने धमकी दी कि विक्रम को ऊपर ले चलो, गोली मारेंगे। उसने अपनी पैंट की पिछली जेब से हथियार निकालने की कोशिश भी की, लेकिन भीड़ जमा होती देख आरोपी अपनी स्विफ्ट और काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।