समाचार · पंजाब
पंजाब सरकार द्वारा संशोधित कानून को लागू करने पर रोक लगाने पर फंसा पेंच
| अमृतसर ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) कानून - 2026’ के विवाद के निपटारे तक रोक लगाने की अकाल तख्त की गठित कमेटी की मांग पूरी न होने से मसले के हल को लेकर पेंच फंस गया है। नतीजन श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सरकार के साथ इस मसले के हल के लिए गठित तालमेल कोआर्डीनेशन कमेटी बैठक एवं पंजाब सरकार की ओर से गठित तालमेल कोआर्डीनेट कमेटी की 18 नवंबर को अमृतसर के सर्किट हाउस में प्रस्तावित बैठक होने की संभावना कम हो गई है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज एवं तालमेल कमेटी ने बैठक से 4 दिन पहले साफ कर दिया है कि द्विपक्षीय बैठक से पहले मुख्यमंत्री मान 13 अप्रैल को लागू कानून पर अकालतख्त के जारी आदेशों के तहत रोक लगाएं। श्री अकाल तख्त साहिब की कमेटी की 14 नवंबर को हुई मीटिंग में सरकार की कोऑर्डिनेशन कमेटी के नोडल ऑफिसर के 18 नवंबर के लिए गुरुनगरी में द्विपक्षीय बैठक के एजेंडे पर चर्चा की। मीटिंग में कोऑर्डिनेटर लखवीर सिंह एवं जसकरन सिंह मीडिया एडवाइजर श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय भी शामिल हुए। कोऑर्डिनेटर लखवीर ने सरकारी कमेटी के नोडल ऑफिसर को पत्र भेजकर दो सवालों पर 'हां या ना' में जवाब मांगा है। पहला, क्या सरकार ने 29 जून, 2026 के आदेशों का पालन करने के लिए कोई कदम उठाया है? दूसरा, क्या 11 मई और 29 जून के आदेशों के अनुसार संशोधन कानून को रोकने के लिए कोई नोटिफिकेशन जारी किया गया है? यदि जवाब 'हां' है, तो उसकी विस्तृत जानकारी मांगी गई है।