समाचार · हरियाणा
पलवल में सरपंच ने किया युवती से रेप:बाथरूम में नहाते समय वीडियो बनाया, ब्लैकमेल कर हड़पे ₹1 लाख- सोने के जेवर
पलवल जिले के एक गांव के सरपंच पर युवती को ब्लैकमेल कर नकदी और सोने के गहने हड़पने और बार-बार रेप करने का आरोप लगा है। सदर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी सरपंच के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी गांव का सरपंच उसके पिता का दोस्त था। इस वजह से उसका उनके घर आना-जाना लगा रहता था। एक दिन जब पीड़िता बाथरूम में नहा रही थी, तब सरपंच ने उसकी वीडियो बना ली। कुछ दिनों बाद सरपंच ने युवती को वह वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी दी। उसने युवती से एक लाख रुपए और 8-10 तोले सोने के गहने ले लिए। ब्लैकमेल कर किया कई बार रेप इसके बाद आरोपी सरपंच ने ब्लैकमेल कर पीड़िता के साथ कई बार रेप किया। वह लगातार पैसे मांगता रहा और उसे देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। परेशान होकर उसने अपने परिजनों को बताया तो परिजनों ने उसकी हिम्मत बढ़ाई और उसे पुलिस थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी सरपंच के खिलाफ रेप सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।