समाचार · झारखंड
Jharkhand Weather Update: छठ के बाद बदलेगा मौसम, हल्की बारिश संभव

रांची. झारखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अधिकांश स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष उतार-चढ़ाव नहीं होगा. हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ने लगा है, जबकि दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी बनी रहेगी.
19 और 20 नवंबर को बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 और 20 नवंबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी झारखंड में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है. इसके बाद उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है.
18 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम
17 और 18 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. इस दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद 19 और 20 नवंबर को मौसम में बदलाव के साथ कुछ इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है.
रांची में 14 से 16 डिग्री रहेगा न्यूनतम तापमान
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 18 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह हल्का कोहरा छाने के बाद दिन में आंशिक बादल रह सकते हैं. 19 और 20 नवंबर को रांची में भी बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है.
डालटनगंज में 31.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
शनिवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री, डालटनगंज में 31.2 डिग्री और बोकारो में 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा. चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.