Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम की 13 और 17 साल की किशोरियों से रेप:पुलिस ने पिपरिया और बुधनी से खोजा; बहलाकर अपने साथ ले गए थे आरोपी

INT News17 October 2026 at 12:57 pm

नर्मदापुरम के सोहागपुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने के बाद उनके साथ दुष्कर्म के अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने तलाश के दौरान एक किशोरी को पिपरिया और दूसरी को बुधनी से बरामद किया है। एक मामले में 17 वर्षीय बाल अपचारी और दूसरे में रायसेन जिले के बरेली निवासी 20 वर्षीय राजा केवट को आरोपी बनाया गया है। शनिवार को दोनों मामलों में कार्रवाई की गई है। शादी का झांसा देकर ले जाने का आरोप

सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के अनुसार, पहले मामले में 13 वर्षीय किशोरी छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली है। वह अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करने के लिए सोहागपुर आई थी। यहां कई अन्य मजदूर परिवार भी रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान 17 वर्षीय बाल अपचारी किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह उसे पिपरिया ले गया, जहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। किशोरी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बाद में उसे पिपरिया से बरामद कर लिया गया। दूसरी किशोरी को बुधनी से किया बरामद

दूसरा मामला 10 अक्टूबर का बताया गया है। पुलिस के अनुसार, रायसेन जिले के बरेली निवासी राजा केवट (20) एक 17 वर्षीय किशोरी को अपने साथ बुधनी ले गया था। आरोप है कि किशोरी को वहां एक झोपड़ी में रखा गया था। इस मामले में भी सोहागपुर थाने में गुमशुदगी और अपहरण का प्रकरण दर्ज कर पुलिस किशोरी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे बुधनी से बरामद कर लिया। पुलिस ने कराया मेडिकल परीक्षण

दोनों किशोरियों की तलाश के लिए एसआई विवेक यादव और राहुल पटेल को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों किशोरियों को बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और दूसरे मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।