Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

यूपी में पांचवीं बार बनेगी BSP की सरकार? मायावती ने फेक सर्वे पर उठाए सवाल, 2007 का दिलाया याद

INT News17 October 2026 at 12:52 pm

Mayawati on UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कथित फेक सर्वे को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए षड्यंत्र के तहत धनबल का दुरुपयोग कर भ्रामक सर्वेक्षणों का प्रचार किया जा रहा है. मायावती ने कहा कि इन सर्वेक्षणों में स्वाभाविक रूप से बीएसपी को निशाना बनाया जा रहा है, जो बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है.

यूपी, उत्तराखंड और पंजाब चुनाव को लेकर मायावती का बयान

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा आम चुनावों के लिए पार्टी अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन के साथ जमीनी स्तर पर तैयारियां कर रही है. इसी बीच कथित तौर पर फेक और ध्यान भटकाने वाले सर्वेक्षणों का प्रचार शुरू हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब षड्यंत्र के तहत किया जा रहा है और इसमें धनबल का दुरुपयोग हो रहा है. मायावती के मुताबिक, इन सर्वेक्षणों के जरिए बहुजन समाज पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है.

मायावती बोलीं- 2007 में भी बीएसपी को कम करके आंका गया

बीएसपी प्रमुख ने कहा कि चुनाव के दौरान जातिवादी मीडिया हमेशा उनकी पार्टी के खिलाफ मिथ्या और अनर्गल प्रचार करता रहा है. उनके मुताबिक, फेक और प्रायोजित सर्वेक्षणों में भी बीएसपी को कम और कमजोर करके आंका जाता रहा है. मायावती ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी मीडिया का रवैया ऐसा ही था, लेकिन बीएसपी ने तमाम लोगों के कयासों और उम्मीदों को गलत साबित करते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी.

'कानून का राज' और 'सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय' का किया जिक्र

मायावती ने अपने बयान में वर्ष 2007 में बनी बीएसपी सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान उत्तर प्रदेश में सबके साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए 'कानून द्वारा कानून का राज' कायम किया गया था. उन्होंने इसे 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' के नए संवैधानिक कल्याणकारी युग की शुरुआत बताया. मायावती ने अपने पुराने राजनीतिक कार्यकाल का उदाहरण देते हुए मौजूदा चुनावी माहौल में पार्टी के खिलाफ हो रहे कथित दुष्प्रचार पर सवाल उठाए.

मायावती की अपील- पांचवीं बार बीएसपी सरकार बनाने के लिए जुटें

बीएसपी प्रमुख ने उत्तर प्रदेश में पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार से त्रस्त सर्वसमाज, खासकर बहुजन समाज के लोगों से अपील की कि वे विरोधी पार्टियों और जातिवादी तत्वों के कथित हथकंडों से सावधान रहें. उन्होंने साम, दाम, दंड, भेद सहित सभी तरह के मिथ्या प्रचार से बचने की अपील की. साथ ही, मायावती ने लोगों से उनके नेतृत्व में पांचवीं बार बीएसपी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से लगातार जुटे रहने का आह्वान किया.

Must Read- 'कानपुर में आर्टिस्ट आना छोड़ देंगे' डीजे पर 'कच्चा बादाम' बजते ही भड़कीं अंजलि अरोड़ा, वीडियो वायरल