समाचार · पंजाब
सीमेंट उतरवाने के लिए कार हटाने को कहा तो पड़ोसी ने छाती में घोंपा चाकू
| अमृतसर तारांवाला पुल के पास आकाश विहार कॉलोनी में शनिवार सुबह कार हटाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी ने एक व्यक्ति की छाती पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में रमेश कुमार घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में भाग गया। परिजन रमेश को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें जीएनडीयू रेफर कर दिया, लेकिन परिवार ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर थाना सुल्तानविंड की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी उनके घर के साथ ही रहता है। वह अपने घर में मिस्त्री लगाकर निर्माण कार्य करवा रहे थे। शनिवार सुबह सीमेंट की बोरियां लेकर गाड़ी पहुंची थी। आरोपी की कार उनके घर के सामने खड़ी थी। उन्हें वहां सीमेंट की बोरियां उतरवानी थीं। उन्होंने आरोपी को कार हटाने के लिए 3 से 4 बार कहा, लेकिन वह चाकू लेकर घर से बाहर आया और उनकी छाती पर वार कर दिया। रमेश ने आरोप लगाया कि हमलावर उन्हें जान से मारने की नीयत से आया था। आसपास खड़े परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, जिसके चलते उनकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी अपने घर में चला गया और पुलिस उसे हिरासत में लेकर गई। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी अमृतसर के एक कांग्रेसी नेता के साढ़ू का बेटा है। घटना के बाद फोन कर उन पर राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि रात 9 बजे तक पुलिस उनका बयान दर्ज करने नहीं पहुंची थी। न ही मामले में केस दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना सुल्तानविंड के एसएचओ अर्जुन कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया है। परिवार ने अभी बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घायल रमेश खतरे से बाहर हैं, अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।