समाचार · पंजाब
पंथक एकता और विकास कार्य बने धामी की मजबूती की बड़ी वजह
| अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष और पदाधिकारियों का चुनाव 20 नवंबर को होने जा रहा है। अपने 5 साल के कार्यकाल में संस्था को मुश्किल चुनौतियों से निकालकर नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के सिर एक बार फिर अध्यक्ष पद का ताज सज सकता है। पक्के इरादों और पंथक एकता की बदौलत उनके लगातार छठी बार प्रधान चुने जाने की प्रबल संभावनाएं हैं। एडवोकेट धामी ने अपने कार्यकाल के दौरान नरम और गरम दोनों विचारधारा वाले गुटों को एक साथ लेकर चलने का सफल प्रयास किया है। उनकी इन उपलब्धियों और फैसलों ने उन्हें अध्यक्ष पद की रेस में सबसे आगे खड़ा कर दिया है। सिख संगत की मांगों और भावनाओं को देखते हुए इंग्लैंड के बर्मिंघम में एक नया कोऑर्डिनेशन सेंटर स्थापित किया गया है। अमेरिका के यूबा सिटी में भी धर्म प्रचार केंद्र, प्रेस, सिख मिशन और गुरमति विद्यालय खोलने की तैयारी है। इसके लिए आर्किटेक्ट और स्थानीय सिख नेताओं के साथ चर्चा कर जरूरी मंजूरियां लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरतमंदों की सेवा के लिए अमृतसर के श्री गुरु नानक देव अस्पताल और श्री गुरु रामदास मेडिकल कॉलेज (वल्ला) में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए मुफ्त लंगर सेवा शुरू की गई। दूर-दराज से इलाज कराने आने वाले लोगों के लिए यह एक बहुत बड़ा सहारा साबित हुआ है। एडवोकेट धामी ने 20वीं सदी के सिख संघर्ष में शहादत देने वाले शहीदों की तस्वीरें केंद्रीय सिख अजायब घर में लगवाकर आलोचकों की बोलती बंद कर दी। शहीद भाई जसवंत सिंह खालड़ा की याद में हरिके में विशेष स्मारक बनाने का ऐतिहासिक फैसला भी लिया गया। देश-विदेश से सचखंड श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने आने वाली लाखों संगतों की रिहाइश को सुगम बनाने के लिए 4 नई सरायों का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रशासनिक सेवाओं में सिख युवाओं को आगे लाने के लिए हाल ही में यूपीएससी परीक्षा पास करने वाले 11 सिख छात्रों को सम्मानित किया गया। धामी ने इसके जरिए युवा पीढ़ी को यह संदेश दिया कि सिखों की यह मिनी संसद एसजीपीसी हमेशा उनके साथ खड़ी है।