sports
वर्ल्ड कप 2023 से रोहित शर्मा ने चहल को क्यों किया था बाहर? लेग स्पिनर ने खुद किया खुलासा

Yuzvendra Chahal on Rohit Sharma : भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल 2023 वनडे विश्व कप में क्यों नहीं खेल पाए थे? इस सवाल का जवाब अब खुद चहल ने दिया है. उन्होंने बताया कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें पहले ही टीम की रणनीति के बारे में बता दिया था. टीम प्रबंधन आठवें नंबर तक बल्लेबाजी का विकल्प चाहता था और इसी कारण एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को खिलाने की योजना बना रहा था.
रोहित शर्मा ने चहल को क्या बताया था?
चहल ने बताया कि जब वह काउंटी क्रिकेट खेलने गए थे, तब रोहित शर्मा ने उनसे इस योजना पर बात की थी. लेग स्पिनर के मुताबिक, कप्तान ने उन्हें स्पष्ट कर दिया था कि टीम किस संयोजन के साथ विश्व कप में उतरना चाहती है.
चहल ने कहा, "जब मैं काउंटी खेलने गया, रोहित ने मुझे बताया था कि हमें आठ नंबर तक बल्लेबाजी चाहिए. इसलिए हम उस प्लान के साथ आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने मुझे साफ बता दिया था कि टीम वर्ल्ड कप में एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज खिलाने को देख रही है. मुझे पहले ही सब बता दिया गया था. विश्व कप के बाद, मैंने चयन के बारे में सोचना ही छोड़ दिया."
ये भी पढ़ें: 15वीं मंजिल की बालकनी से युजवेंद्र चहल को लटका दिया था उल्टा, आज भी उस रात को याद कर सहम जाते हैं चहल
2024 टी20 विश्व कप में टीम में लौटे, लेकिन नहीं खेल पाए
2023 वनडे विश्व कप के बाद चहल को अगले साल रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में जगह मिली. आईपीएल में उनके प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम में चुना गया था, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में वह बेंच पर ही बैठे रहे. भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर 2024 टी20 विश्व कप का खिताब जीता. चहल भी इस विजेता टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं चहल
चहल ने भारत के लिए आखिरी वनडे जनवरी 2023 में खेला था. उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मुकाबला था. इसके बाद से वह भारतीय टीम में वापसी नहीं कर सके हैं. चहल ने भारत के लिए 72 वनडे में 121 विकेट और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 96 विकेट लिए हैं.
ये भी पढ़ें: Yuzvendra Chahal Video: शराब की लत छुड़ाने के लिए रिहैब सेंटर गए, पैनिक अटैक आते ही सिकुड़ने लगता था चेहरा