Friday, 11 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड हाइकोर्ट में 3 नए जजों की नियुक्ति की राह साफ, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की अनुशंसा

INT News10 September 2026 at 09:17 pm

रांची. झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (PDJ) को झारखंड हाइकोर्ट का न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा की गयी है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गढ़वा के पीडीजे मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा के नाम की अनुशंसा की है.

चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता में हुई बैठक

इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई. बैठक में प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए तीनों न्यायिक अधिकारियों को झारखंड हाइकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किये जाने की अनुशंसा की गयी.

कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद अब नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों न्यायिक अधिकारी झारखंड हाइकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे.

हाइकोर्ट में 25 स्वीकृत पद, 13 न्यायाधीश कार्यरत

उल्लेखनीय है कि झारखंड हाइकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं. वर्तमान में चीफ जस्टिस एमएस सोनक सहित 13 न्यायाधीश कार्यरत हैं. ऐसे में तीन नये न्यायाधीशों की नियुक्ति से हाइकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ेगी और रिक्त पदों की संख्या कम होगी.