समाचार · उत्तर प्रदेश
कंटेनर से टकराते ही आग का गोला बना लोडर, चालक कूदकर बचा, खिड़की से नहीं निकल पाया खलासी, जिंदा जला

UP News ( पवन तोमर की रिपोर्ट): कानपुर के बिल्हौर में शनिवार तड़के हाईवे पर दर्दनाक हादसे ने सभी को दहला दिया. कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से लोडर घुस गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर में तुरंत आग लग गई. देखते ही देखते लोडर आग का गोला बन गया.
तड़के 4 बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के नीचे हुआ हादसा
यह हादसा अरौल थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे शनिवार तड़के लगभग 4 बजे हुआ. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
झपकी आई और हो गया हादसा
बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद के नगला खंगर के रहने वाले श्याम यादव लोडर चला रहे थे. वह अपने साथी परिचालक सत्यभान के साथ शुक्रवार रात कानपुर से 10 इलेक्ट्रिक बाइक लोड कर फर्रुखाबाद जा रहे थे. तड़के अचानक चालक को झपकी आ गई. इससे तेज रफ्तार लोडर का संतुलन बिगड़ा और वह सामने चल रहे कंटेनर में पीछे से जा टकराया.
एक कूदा, दूसरा अंदर ही रह गया
हादसे के बाद जैसे ही आग भड़की, चालक श्याम यादव ने हिम्मत दिखाते हुए लोडर से कूद कर अपनी जान बचा ली. लेकिन परिचालक सत्यभान की किस्मत ने साथ नहीं दिया. उसकी तरफ वाली खिड़की जाम हो गई और वह केबिन में ही फंस गया. आग ने इतनी तेजी से पूरे वाहन को घेर लिया कि उसे बाहर आने का मौका तक नहीं मिला.
इलेक्ट्रिक बाइक जल कर राख
घटना के कुछ ही मिनटों में लोडर और उसमें लदी सभी इलेक्ट्रिक बाइक जल कर राख हो गईं. परिचालक की मौके पर ही जल कर मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में नींद की झपकी ही हादसे की वजह लग रही है. वहीं इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें: नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, नूडल्स खाने के बाद हमेशा के लिए सो गया परिवार, लाशें देख दहल गया गांव