Saturday, 17 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

सेंट्रल जेल में नवरात्रि पर 1300 बंदियों को बांटे फल:काली माता सेवा समिति ने उपवास रखने वाले बंदियों तक पहुंचाई सेवा

INT News17 October 2026 at 11:41 am

नवरात्रि के अवसर पर काली माता सेवा समिति ने रायपुर सेंट्रल जेल में करीब 1300 बंदियों को फल वितरित किए। समिति ने यह पहल उन बंदियों के लिए की, जो नवरात्रि में उपवास रखकर माता रानी की आराधना कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष दीपक भारद्वाज (पोल्ले) ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों के प्रति मानवीय संवेदना और सेवा भाव का संदेश देना है। समिति के अध्यक्ष दीपक भारद्वाज ने कहा कि किसी व्यक्ति की गलती या अपराध से उसके सुधरने और बेहतर जीवन जीने की संभावना खत्म नहीं हो जाती। समाज को न्याय के प्रति सम्मान बनाए रखने के साथ सुधार और पुनर्वास की भावना को भी महत्व देना चाहिए। समिति का मानना है कि बंदियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है। पहले भी कर चुके है फल वितरण समिति के अनुसार, वह पहले भी कई बार जेल में बंदियों को फल वितरित कर चुकी है। समिति का मानना है कि नवरात्रि केवल पूजा-पाठ और उपवास का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और सद्भावना को अपनाने का अवसर भी है। इसी भावना के साथ बंदियों तक फल पहुंचाए गए। सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प समिति ने कहा कि समाज में सेवा, सद्भावना और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। कार्यक्रम में अशोक त्रिपाठी, गुड्डू, सुनील प्रमुख, राजू भाई तारवानी और रामकृष्ण धीवर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।