Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

मैहर-विंध्याचल जाने वाले बिहार के श्रद्धालुओं को रेलवे की सौगात, नवरात्र में रुकेंगी 20 ये ट्रेनें

INT News12 October 2026 at 10:18 am

Festival Special Train Siwan : शारदीय नवरात्र के दौरान मां के दर्शन के लिए मैहर और विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने अतिरिक्त सुविधा दी है. मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने मैहर स्टेशन पर 18 ट्रेनों का पांच मिनट का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है. वहीं, विंध्याचल स्टेशन पर लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस की दोनों दिशाओं की ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा. पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने 11 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी.

मैहर स्टेशन पर 18 ट्रेनों का होगा ठहराव

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मैहर स्टेशन पर 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस 11 से 21 अक्टूबर तक रात 3.10 बजे पहुंचेगी और 3.15 बजे रवाना होगी. 11059 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-छपरा एक्सप्रेस 10 से 20 अक्टूबर तक रात 3.10 बजे पहुंचकर 3.15 बजे खुलेगी. 12669 चेन्नई-छपरा एक्सप्रेस 10 से 19 अक्टूबर तक रात 8.50 बजे पहुंचेगी और 8.55 बजे रवाना होगी. वहीं, 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस 10 से 17 अक्टूबर तक दोपहर 3.05 बजे पहुंचकर 3.10 बजे खुलेगी.

इसी तरह 15268 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल एक्सप्रेस 12 से 19 अक्टूबर तक सुबह 10.40 बजे, 18201 दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस 14 से 21 अक्टूबर तक सुबह 5.35 बजे और 11037 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को सुबह 11.05 बजे मैहर पहुंचेगी. इन ट्रेनों का पांच मिनट बाद प्रस्थान निर्धारित किया गया है.

इसके अलावा 22103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस 12 से 19 अक्टूबर तक सुबह 6.45 बजे और 19045 सूरत-छपरा एक्सप्रेस 11 से 21 अक्टूबर तक रात 2 बजे मैहर पहुंचेगी. इन ट्रेनों को भी पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है.

वापसी दिशा की इन ट्रेनों को भी मिलेगी सुविधा

वापसी दिशा में 11056 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 11 से 21 अक्टूबर तक रात 8.25 बजे, 11060 छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 12 से 22 अक्टूबर तक रात 8.25 बजे और 12670 छपरा-चेन्नई एक्सप्रेस 12 से 21 अक्टूबर तक सुबह 7.25 बजे मैहर पहुंचेगी.

वहीं, 19052 मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस 12 से 19 अक्टूबर तक सुबह 11.40 बजे, 15267 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 10 से 17 अक्टूबर तक सुबह 11.25 बजे और 18202 नौतनवा-दुर्ग एक्सप्रेस 11 से 18 अक्टूबर तक रात 1.55 बजे मैहर पहुंचेगी.

इसके अतिरिक्त 11038 गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस 10 से 17 अक्टूबर तक सुबह 4.20 बजे, 22104 अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 13 से 20 अक्टूबर तक सुबह 8.50 बजे और 19040 छपरा-सूरत एक्सप्रेस 11 से 21 अक्टूबर तक रात 10.40 बजे मैहर पहुंचेगी. इन सभी ट्रेनों का पांच मिनट बाद प्रस्थान निर्धारित किया गया है.

विंध्याचल में 11 से 26 अक्टूबर तक ठहरेंगी ट्रेनें

विंध्याचल स्टेशन पर नवरात्र मेला के दौरान 12167 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस को 11 से 26 अक्टूबर तक रात 10.15 बजे पहुंचकर 10.17 बजे रवाना किया जायेगा. वहीं, 12168 बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस इसी अवधि में दोपहर 12.10 बजे विंध्याचल पहुंचेगी और 12.12 बजे रवाना होगी.

रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के अस्थायी ठहराव से नवरात्र मेला में शामिल होने के लिए मैहर और विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी.

Also Read : सीवान में वीसी के दौरान अनुपस्थित मिले 29 पंचायतकर्मी, वेतन स्थगित; 24 घंटे में जवाब तलब