समाचार · मध्य प्रदेश
सेमलखेड़ी जैन तीर्थक्षेत्र में तोड़फोड़-लूटपाट:जैन ग्रंथ को नुकसान पहुंचाया, दान पेटी से रकम ले गए; समाज ने DM-SP से की शिकायत
विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के सेमलखेड़ी जैन तीर्थक्षेत्र में 9-10 अक्टूबर की रात तोड़फोड़ और कथित लूटपाट की घटना हुई। तारणगिरी पहाड़ी पर स्थित गुफा में अज्ञात लोग दीवार तोड़कर घुसे। उन्होंने मेन गेट का ताला भी तोड़ा। ग्रंथराज श्री अध्यात्मवाणी जी को नुकसान पहुंचाया। दान पेटी में रखी रकम निकाल ली। घटना के विरोध में सोमवार को समाज के पदाधिकारियों ने कलेक्टर-एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। जैन समाज के पदाधिकारी कंछेदीलाल जैन ने बताया कि तारणगिरी पहाड़ी पर स्थित भवन सद्गुरु तारण तरण स्वामी जी की तपोभूमि से जुड़ा है। यह स्थान मुख्य क्षेत्र से आगे पहाड़ी पर स्थित है। अज्ञात लोग रात में भवन की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और ग्रंथराज श्री अध्यात्मवाणी जी को नुकसान पहुंचाया। वहां रखी दान पेटी से भी रकम ले जाने की बात कही गई है। समाज ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारी बसंत जैन ने कहा कि सेमलखेड़ी जैन तीर्थक्षेत्र में हुई घटना से समाज के लोग दुखी हैं। इसी मामले में कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। बसंत जैन ने जिले में नशे के अवैध कारोबार और धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस कर रही मामले की जांच सीएसपी अतुल सिंह ने बताया कि जैन समाज के लोग घटना के संबंध में ज्ञापन देने आए थे। उन्होंने सेमलखेड़ी जैन तीर्थक्षेत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा प्रवेश कर तोड़फोड़ किए जाने की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।