Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

IIIT रांची में दूसरे दिन भी बवाल, 50 मीटर की दूरी पर चेयरपर्सन और छात्र आमने-सामने, इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी

INT News12 October 2026 at 12:52 pm

रांची: ट्रिपल आइटी रांची में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की मौत के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा. संस्थान के हॉस्टल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में कथित लापरवाही को लेकर छात्र-छात्राएं निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं. सोमवार को चेयरपर्सन छात्रों से बातचीत करने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर ही गतिरोध बन गया. चेयरपर्सन आगे बढ़ने पर अड़े रहे, जबकि छात्र भी अपनी मांगों पर अडिग रहे. बातचीत शुरू होने से पहले ही हंगामे की स्थिति बन गयी.

भूखे पेट धरने पर बैठे छात्र, मेस में नहीं बना खाना

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि प्रबंधन ने पहले आश्वासन दिया था कि 12 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चेयरपर्सन और निदेशक उनसे मुलाकात करेंगे. छात्रों के अनुसार, तय समय पर बातचीत नहीं होने से उनका आक्रोश बढ़ गया. उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच के दौरान मेस में खाना नहीं बना था, जबकि सोमवार को भी भोजन नहीं दिया गया. छात्र सुबह से भूखे पेट धरने पर बैठे रहे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निदेशक के इस्तीफे की मांग करते रहे.

प्रदर्शन में शामिल छात्राओं ने कहा कि उनके बैचमेट के साथ जो हुआ, वह गंभीर मामला है. जब तक चेयरपर्सन प्रदर्शन स्थल पर आकर छात्रों से बात नहीं करते, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे. छात्रों ने कहा कि प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

प्रशासन की टीम मौके पर, सड़क जाम हटाने की अपील

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की टीम और पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया. पुलिस ने छात्रों से सड़क जाम हटाने की अपील करते हुए कहा कि इससे आम लोगों और एंबुलेंस समेत अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है. पुलिसकर्मियों ने कहा कि सड़क पर प्रदर्शन और जाम के लिए निर्धारित नियमों का पालन जरूरी है. छात्रों से कैंपस के भीतर प्रदर्शन करने को कहा गया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे.

जानें, क्या है पूरा मामला

ट्रिपल आइटी रांची में सीएसई ब्रांच के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य (20) की 10 अक्टूबर की रात खेलगांव हाउसिंग स्थित हॉस्टल में मौत हो गयी थी. बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य का शव ब्लॉक-1 के पांचवें तल्ले पर स्थित कमरा नंबर 504 बी में मिला था. साथियों ने दरवाजा तोड़कर उसे अंदर देखा और नीचे लाने का प्रयास किया. परिजनों और विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि बिजली कटने के दौरान लिफ्ट बंद थी, एंबुलेंस में ड्राइवर और ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी तथा मेडिकल स्टाफ भी उपलब्ध नहीं था. इन परिस्थितियों के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने कहा था कि छात्र को 10 मिनट में अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने एंबुलेंस में जरूरी सुविधाओं की कमी की जानकारी नहीं होने की बात कही और अनियमितता मिलने पर जांच कराने का आश्वासन दिया था.

पिता ने दर्ज करायी प्राथमिकी, एनएचआरसी ने लिया संज्ञान

आदित्य के पिता विष्णुदेव कुमार राय ने खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर संस्थान के निदेशक और प्रबंधन के अन्य कर्मियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पिता ने हॉस्टल की आपातकालीन व्यवस्था और निर्धारित एसओपी के पालन पर सवाल उठाये हैं. मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी संज्ञान लेते हुए जांच की बात कही है. फिलहाल छात्र संस्थान की जवाबदेही तय करने और निदेशक के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं.