समाचार · मध्य प्रदेश
कॉलेज के 24 छात्रों को बीएससी गणित में ATKT मिली:मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप, NSUI ने की पुनर्मूल्यांकन की मांग
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय संजय गांधी स्मृति स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में बीएससी गणित प्रथम वर्ष के 24 छात्रों को ATKT मिली है। शनिवार दोपहर 3 बजे छात्रों ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पुनर्मूल्यांकन की मांग की। NSUI प्रदेश सचिव विक्रांत परिहार छात्रों के साथ कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य को आवेदन सौंपे। सभी 24 छात्रों के अलग-अलग आवेदन कॉलेज प्रशासन को दिए गए। छात्रों ने परीक्षा परिणाम की जांच और उत्तरपुस्तिकाओं का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की। उनका कहना है कि मूल्यांकन में गलती होने पर उसका असर उनकी आगे की पढ़ाई पर पड़ सकता है। प्राचार्य ने आवेदन मिलने के बाद छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का समाधान कल तक करने का प्रयास किया जाएगा। विक्रांत परिहार ने कहा कि मूल्यांकन में गलती हुई है तो उसे जल्द सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर समाधान नहीं हुआ तो छात्रों के हित में यह मुद्दा आगे भी उठाया जाएगा। वहीं प्राचार्य प्रभाकर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि आवेदन पत्र आया है जिसके बाद नियमानुसार उचित कार्यवाही की जाएगी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी है या नहीं इसके बारे में हम यूनिवर्सिटी को पत्र लिखेंगे।