national
Kal Ka Mausam: छठ पूजा पर कैसा रहेगा बिहार-झारखंड का मौसम, कहीं बारिश तो कहीं चलेंगी तेज हवाएं

Kal Ka Mausam: छठ पूजा के अवसर बिहार और झारखंड समेत देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. 15 नवंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण उत्तर और मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है.
दिल्ली-NCR, पंजाब और यूपी में भी बरसेंगे बादल
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम बदलने वाला है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में भी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
कल इन राज्यों में बारिश के आसार
पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में तीन दिन बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 से 17 नवंबर के बीच मौसम बदल सकता है. इन राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का नया दौर!
बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का असर दक्षिण भारत में भी दिखाई दे सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है. इसके अलावा केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
15 नवंबर से बढ़ेगी ठंड, इन राज्यों में 2 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं का असर बढ़ सकता है. मौसम के इस बदलाव के कारण 15 और 16 नवंबर से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. जयपुर, सीकर, चूरू और झुंझुनूं समेत कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में तेजी से बदलेगा मौसम, कोहरे की भी एंट्री
उत्तर प्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ने वाला है. अगले 2 से 3 दिनों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है. सुबह और शाम के समय कुछ इलाकों में हल्के से घने कोहरे की स्थिति बन सकती है. इससे लोगों को ठंड का ज्यादा एहसास होगा.
दिल्ली-NCR और हरियाणा में बढ़ेगी ठिठुरन
पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में संभावित बूंदाबांदी का असर दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी देखने को मिल सकता है. सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति बनने के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है. इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट और सर्दी में बढ़ोतरी हो सकती है.
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी के दावे को पूर्व SIT चीफ ने किया खारिज, राकेश अस्थाना बोले- हादसा नहीं, साजिश था गोधरा कांड