समाचार · मध्य प्रदेश
नहर की सफाई के लिए किसानों ने किया चक्काजाम:परेशान हुए वाहन चालक; जेसीबी लेकर पहुंचे इंजीनियर, उसके बाद खोला गया रास्ता
टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव धसान कस्बे में शनिवार को किसानों ने सिंचाई नहर की सफाई की मांग को लेकर ककरवाहा-ललितपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना है कि नहर की सफाई नहीं होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है और खेती में परेशानी हो रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि नहरें गंदगी से भरी हैं और लंबे समय से उनकी सफाई नहीं हुई। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को नहर की सफाई कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोल दिया गया। मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के इंजीनियर वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि जेसीबी मशीन बुला ली गई है और पूरी नहर की सफाई कराई जा रही है। किसान कमलेश लोधी ने कहा कि नहर की सफाई के लिए हर साल प्रदर्शन करना पड़ता है। उनके मुताबिक, विभाग समय पर सफाई नहीं कराता, जिससे किसानों को पानी देर से मिलता है और फसलों की बुवाई में देरी होती है। कमलेश ने बताया कि पिछले सालों में किसानों ने खुद पैसे जोड़कर नहर की सफाई कराई थी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से समय पर नहरों की सफाई कराने की मांग की।