समाचार · मध्य प्रदेश
बाइक बिजली के खंभे से टकराई, युवक की मौत:परिवार का इकलौता बेटा था, छतरपुर में कुम्हेड़ नदी की कोड़ पर हादसा
छतरपुर जिले में शुक्रवार रात कुम्हेड़ नदी के मोड़ पर हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे 20 साल के युवक राजुल चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, राजुल चौरसिया महाराजपुर में बड़े मंदिर के पास रहने वाली शारदा चौरसिया का इकलौता बेटा था। वह किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लवाहन गया था और देर रात वहां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुम्हेड़ नदी की कोड़ (मोड़) पर हनुमान मंदिर के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। 20 वर्षीय राजुल की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, तो परिवार में कोहराम मच गया। मां शारदा चौरसिया का वह इकलौता बेटा था, जिसके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।