समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में दीपावली पर परिवार से मारपीट का आरोप:पीड़ित ने एसपी से की शिकायत, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया
मऊगंज थाना क्षेत्र के दामोदरगढ़ गांव में मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए एक परिवार ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अंजनी कुमार पटेल ने एएसपी शशिकांत सरयाम को आवेदन सौंपकर आरोपियों पर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की। आवेदन के मुताबिक, अंजनी कुमार पटेल, पिता बुद्धसेन पटेल, का 8 नवंबर 2026 को दीपावली के दिन गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि सुनील कुमार पटेल, अनिल कुमार पटेल, सुशील पटेल और आशु पटेल ने गाली-गलौज की और अंजनी तथा उनके परिवार के सदस्यों को डंडों और पत्थरों से पीटा। कई लोगों को चोटें आईं। आवेदन के साथ उनकी एमएलसी रिपोर्ट भी लगाई गई है। अंजनी ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद रास्ता रोककर डंडा और फरसा दिखाने के साथ कट्टे से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। आरोपियों पर नहीं हुई कार्रवाई आवेदन में कहा गया है कि घटना के दिन 8 नवंबर को मऊगंज थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई। अंजनी के मुताबिक, इससे पहले 15 अक्टूबर को भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की शिकायत थाने में की गई थी। शनिवार को आवेदन मिलने के बाद एएसपी शशिकांत सरयाम ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। परिवार ने निष्पक्ष जांच, आरोपों के आधार पर कार्रवाई और सुरक्षा देने की मांग की है।