Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आदिवासी महिलाओं के नाम से निकाले 4.28 लाख रुपए:सरकारी योजना के लाभ दिया लालच, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

INT News14 November 2026 at 04:51 pm

सरकारी योजना के तहत 10 हजार रुपए दिलाने का झांसा देकर छह आदिवासी महिलाओं के नाम पर 4 लाख 28 हजार 790 रुपए का लोन निकालने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इंदा कॉलोनी कराहल निवासी 32 वर्षीय राधा बाई पत्नी हल्के आदिवासी ने शिकायत की है। वह घरेलू काम और मजदूरी करती है। शिकायत में बताया गया कि धीरज पुत्र टेकन सिंह परिहार उसके घर के पास रहता है। आरोप है कि 10 से 12 जून 2026 के बीच धीरज राधा बाई के घर आया। उसने कहा कि सरकार की एक योजना के तहत पात्र लोगों को एकमुश्त 10 हजार रुपए मिलेंगे। इसके लिए उसने राधा बाई से आधार कार्ड, वोटर कार्ड और मोबाइल नंबर लिया। उसने अंगूठे का निशान भी लगवाया और फोटो खींची। योजना बंद होने का दिया हवाला कुछ दिन बाद राधा बाई ने योजना के बारे में पूछा तो आरोपी ने कहा कि योजना बंद हो गई है। बाद में राधा बाई को पता चला कि उसकी जानकारी के बिना फिनो पेमेंट्स बैंक में खाता खुलवाया गया। उसके नाम पर 71,465 रुपए का लोन मंजूर कराकर रकम निकाल ली गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कपूरी आदिवासी, श्रीवंती आदिवासी, साहिया आदिवासी, रामकन्या आदिवासी और शीला आदिवासी के दस्तावेज लेकर उनके नाम पर भी बैंक खाते खुलवाए। हर महिला के नाम पर 71,465 रुपए का लोन मंजूर कराया गया। इस तरह छह महिलाओं के नाम पर कुल 4 लाख 28 हजार 790 रुपए का लोन निकालने का आरोप है। महिलाओं ने की कार्रवाई की मांग मामले में राधा बाई ने कराहल थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी धीरज परिहार के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब बैंक खातों, लोन की स्वीकृति और निकाली गई राशि के संबंध में जानकारी जुटा रही है।