entertainment
'छठी मैया से मांगी मन्नत, अगले ही साल घर में गूंजी किलकारी', जुड़वा बेटों की कहानी सुनाते हुए छलके कल्पना के आंसू

Chhath Puja 2026: कभी-कभी जिंदगी में कुछ ऐसे पल आते हैं, जिन्हें याद करते ही आंखें नम हो जाती हैं. एक मां की मन्नत, छठी मैया पर उसका अटूट विश्वास और फिर दो बच्चों की किलकारियां. भोजपुरी और लोकगीतों की मशहूर गायिका कल्पना पटवारी (Kalpana Patowary) ने अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा ही एक भावुक किस्सा सुनाया है.
एक मां ने कल्पना के लिए छठी मैया से मांगी थी मन्नत
आपको बता दें कि शुभांकर मिश्रा से बातचीत के दौरान कल्पना ने बताया कि जमालपुर का एक परिवार उनसे काफी जुड़ा हुआ था. यह रिश्ता उनके गानों को सुनने से शुरू हुआ था और धीरे-धीरे परिवार उनके करीब आ गया. इसी परिवार की एक महिला ने कल्पना को अपने जीवन का एक खास किस्सा सुनाया.
ऐसे में उस महिला को मां बनने में मेडिकल परेशानियों का सामना करना पड़ा था. उन्होंने कल्पना से कहा कि वह छठ पूजा में कोसी भरने जा रही हैं. अगर कल्पना को संतान सुख मिला तो उन्हें भी वहां आना होगा. कल्पना ने इस बात को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया. शायद उस वक्त उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि यह बात आगे चलकर उनकी जिंदगी की इतनी खूबसूरत याद बन जाएगी.
अगले ही साल जुड़वा बेटों की मां बनीं कल्पना
कल्पना ने बताया कि इसके अगले ही साल उनके घर दो बेटों का जन्म हुआ. वह जुड़वा बच्चों की मां बनीं. इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर जमालपुर पहुंचीं, जहां उस महिला ने छठ पूजा की और बच्चों के लिए कुछ पारंपरिक रस्में भी निभाईं. महिला ने बच्चों के बाल भी कटवाए.
कल्पना के लिए यह सिर्फ किसी पूजा में शामिल होने का अनुभव नहीं था. यह उस विश्वास और प्यार का एहसास था, जो एक महिला ने उनके लिए अपने मन में रखा था. इस किस्से को सुनाते हुए कल्पना की आंखें नम हो गईं. उन्होंने भावुक होकर कहा कि छठ के साथ उनका रिश्ता सिर्फ गाने गाने तक सीमित नहीं है. इस पर्व से उनकी जिंदगी की एक बेहद खास याद जुड़ी हुई है.
ये भी पढ़ें: 35 रुपये के कैसेट से कहीं बड़ा था भिखारी ठाकुर का कद, कल्पना पटवारी ने लंदन तक पहुंचाई बिहार की पहचान