समाचार · छत्तीसगढ़
नशे में पोते ने दादा को पीट-पीटकर मार डाला:मारपीट से नाराज पत्नी घर छोड़कर गई तो दादा की ले ली जान, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर में नशे के आदी पोते ने अपने ही दादा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी दो दिन पहले एक बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। घर में पत्नी और बच्चे को नहीं देखकर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने अपना गुस्सा दादा पर उतार दिया। मारपीट में बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। पत्नी के जाने से नाराज था, दादा से हुआ विवाद घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के छूहिया पारा की है। आरोपी की पहचान तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसकी प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी दो दिन पहले एक बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई थी। घटना के दिन आरोपी घर लौटा तो पत्नी और बच्चा नहीं मिले। इस बात पर वह गुस्सा हो गया और परिवार में विवाद करने लगा। इसके बाद उसने अपने दादा पंचराम चंद्राकर की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही कार्रवाई एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मस्तूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।