समाचार · पंजाब
फरीदकोट मॉडर्न जेल से 38 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद:बेटों से मुलाकात करने आई महिला ने कपड़ों में छिपा कर पहुंचाया, मां-बेटों समेत 6 के खिलाफ केस
केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद अपने दो बेटों से मुलाकात करने आई एक महिला द्वारा कपड़ों में छिपाकर नशा पहुंचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जेल प्रशासन ने तलाशी के दौरान कपड़ों से 38 ग्राम चिट्टे जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में थाना सिटी पुलिस ने आरोपी महिला, उसके दोनों हवालाती बेटों और तीन अन्य कैदियों सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ जेल एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली करमजीत कौर केंद्रीय जेल में बंद अपने दो हवालाती बेटों—अशोक कुमार और सौरव कुमार से मुलाकात करने पहुंची थी। मुलाकात के बाद महिला ने अपने बेटों को देने के लिए कुछ कपड़े जेल कर्मचारियों को सौंपे। जब जेल प्रशासन ने स्कैनिंग मशीन से उन कपड़ों की जांच की, तो उनके भीतर छिपाकर रखा गया 38 ग्राम चिट्टे जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जेल के भीतर रची गई थी साजिश जेल प्रशासन द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर हवालाती अशोक कुमार और सौरव कुमार ने खुलासा किया कि यह नशा उन्होंने जेल में ही बंद मोगा जिले के तीन अन्य हवालातियों—जगसीर सिंह, हरजिंदर सिंह और हरप्रीत सिंह के साथ मिलकर मंगवाया था। पुलिस की कार्रवाई जेल के सहायक अधीक्षक प्रभदयाल सिंह की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने करमजीत कौर, अशोक कुमार, सौरव कुमार, जगसीर सिंह, हरजिंदर सिंह और हरप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि नशा पहुंचाने वाली आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही जेल में बंद पांचों नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इस नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाया जा सके।