समाचार · मध्य प्रदेश
रास्ते पर भागते बंदर को बचाने में ई-रिक्शा पलटा:चालक को चोट, सवारी भी घायल; हादसे का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैदा
छतरपुर जिले के लवकुशनगर में सोमवार दोपहर पुरानी तहसील के पास सड़क पर अचानक बंदर के सामने आ जाने से एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसमें बैठी एक सवारी घायल हो गई। चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि सवारी को अधिक चोट लगने पर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अचानक सामने आया बंदर, सड़क पर पलटा रिक्शा
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ता हुआ एक बंदर दूसरी ओर से आता है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ई-रिक्शा के सामने बंदर आ जाता है। अचानक सामने आए बंदर के कारण ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट जाता है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत पहुंचकर ई-रिक्शा को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला। रिक्शा में केवल चालक और एक सवारी थी
हादसे के समय ई-रिक्शा में चालक सहित केवल दो लोग सवार थे। चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि सवारी को अधिक चोट लगने के कारण इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि ई-रिक्शा में ज्यादा लोग सवार नहीं थे, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना सोमवार, 12 अक्टूबर की दोपहर की बताई जा रही है।