समाचार · उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर के मंदिर परिसर में जला दी चिता, लौटे पुजारी तो उड़ गए होश, जानें पूरा मामला

UP Crime News (पवन तोमर की रिपोर्ट): उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंदिर परिसर के अंदर चिता जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. जैतीपुर थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव में स्थित खाटू श्याम मंदिर के पुजारी ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुजारी का कहना है कि उनकी गैरमौजूदगी में मंदिर की चारदीवारी के अंदर एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार कर दिया गया. विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं. अब पुजारी ने चिता वाली जगह पर समाधि बनाकर मंदिर की जमीन कब्जाने की आशंका जताई है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है.
फूल लेने बरेली गए थे पुजारी
खाटू श्याम मंदिर के पुजारी बाबा पृथ्वीराज दास के मुताबिक, छह अक्टूबर को एकादशी पर्व के लिए वह फूल लेने बरेली गए थे. आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग अपने मृत परिजन का शव लेकर मंदिर परिसर में पहुंच गए. इसके बाद मंदिर की चारदीवारी के अंदर ही चिता जलाकर अंतिम संस्कार कर दिया. जब पुजारी वापस लौटे तो मंदिर परिसर में जलती चिता देखकर हैरान रह गए. उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया.
बैलगाड़ी में ईंट और रेत लेकर पहुंचे लोग
पुजारी का आरोप है कि मामला अंतिम संस्कार तक ही सीमित नहीं रहा. सोमवार को वही लोग बैलगाड़ी पर ईंट और रेत लादकर दोबारा मंदिर परिसर में पहुंच गए. इससे पुजारी को मंदिर की जमीन पर कब्जा होने का डर सताने लगा. उनका आरोप है कि संबंधित लोग चिता जलाने वाली जगह पर समाधि बनाना चाहते हैं. पुजारी ने आशंका जताई है कि समाधि निर्माण की आड़ में मंदिर की जमीन पर कब्जा किया जा सकता है.
पुजारी ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
बाबा पृथ्वीराज दास ने इस पूरे मामले को लेकर जैतीपुर थाने में तहरीर दी है. उन्होंने गांव के कुछ लोगों पर धमकाने का आरोप लगाया है. साथ ही अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. पुजारी का कहना है कि मंदिर परिसर में इस तरह अंतिम संस्कार करना और फिर निर्माण सामग्री लेकर पहुंचना गंभीर मामला है.
पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाया
इस मामले में जैतीपुर थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर के पुजारी की तहरीर मिल गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है. थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: रिश्वत में 2 गाय, एक भैंस, जर्मन शेफर्ड और 35 हजार! यूपी के दरोगा ने क्यों रखी ऐसी डिमांड? अब दर्ज हुई FIR, जानें पूरा मामला