समाचार · मध्य प्रदेश
जोबट में बिजली कटौती के खिलाफ ग्रामीणों का धरना:रात में बिजली कंपनी दफ्तर पर धरना दिया; समाधान न होने पर चक्काजाम की चेतावनी
आलीराजपुर जिले के जोबट तहसील के भीलखेड़ी गांव में 7-8 दिनों से शाम 6 बजे के बाद बिजली कटौती हो रही है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने रविवार रात बिजली कंपनी के दफ्तर के बाहर धरना दिया। सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी दी। अंधेरे में खाना बनाने और पढ़ाई करने में परेशानी ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कटौती के कारण महिलाओं को अंधेरे में खाना बनाना पड़ता है। इससे सांप-बिच्छू का खतरा बना रहता है। वहीं, बिजली नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने सिंचाई मोटरें खराब होने और आर्थिक नुकसान की आशंका जताई है। ग्रामीण इलाकों में कटौती, बाजार में बिजली आने का आरोप ग्रामीणों का आरोप है कि जोबट बाजार में वीआईपी लाइन होने से लगातार बिजली आती है, जबकि ग्रामीण इलाकों में कटौती की जा रही है। उन्होंने शाम 6 बजे के बाद होने वाली कटौती बंद करने और सही वोल्टेज के साथ बिजली देने की मांग की। समाधान नहीं हुआ तो करेंगे चक्काजाम ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार रात धरने के दौरान स्थानीय अधिकारियों ने उनकी बात सुनी और बताया कि लोड शेडिंग के आदेश ऊपर से आते हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम से हस्तक्षेप की मांग की। सोमवार, 12 अक्टूबर को ग्रामीणों ने जोबट एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भीलखेड़ी सहित आसपास के गांवों के किसान, युवा और महिलाएं एकजुट होकर जोबट तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और चक्काजाम करेंगे।