समाचार · बिहार
गोपालगंज में पांच ASI बने SI, उचकागांव थाने में कंधों पर स्टार लगाकर किया गया सम्मानित

Gopalganj News : बिहार पुलिस विभाग में पदोन्नति के तहत पांच पुलिस पदाधिकारियों को सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) से पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) बनाया गया है. इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी के निर्देश पर उचकागांव थाना परिसर में सादे समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान पदोन्नत पदाधिकारियों के कंधों पर नये रैंक के स्टार लगाए गए और उन्हें शुभकामनाएं दी गयीं.
पांच पुलिस पदाधिकारियों को मिला प्रमोशन
पदोन्नति पाने वाले पदाधिकारियों में कन्हैयालाल सिंह, आशिक रसूल खान, अछैवर राम, प्राण कुमार सिंह और श्रीपुर थाना के अभिमन्यु सिंह शामिल हैं. इन सभी को एएसआई से एसआई के पद पर प्रोन्नति मिली है. पदोन्नति के बाद थाना परिसर में खुशी का माहौल रहा.
अधिकारियों ने मिठाई खिलाकर दी बधाई
समारोह में इंस्पेक्टर कुमार वैभव, उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा और अपर थानाध्यक्ष टिंकू कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. सभी ने पदोन्नत पदाधिकारियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
नई जिम्मेदारियों के लिए दी शुभकामनाएं
पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को उचकागांव और श्रीपुर क्षेत्र के गणमान्य लोगों तथा पुलिसकर्मियों ने भी बधाई दी. अधिकारियों ने उम्मीद जतायी कि नये पद और बढ़ी हुई जिम्मेदारियों के साथ सभी पदाधिकारी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे.