Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

स्कूली बच्चों ने डाकघर का कामकाज समझा:राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत दौरा; पोस्टमास्टर बोले-जरूरी दस्तावेज भेजने में विभाग की भूमिका अहम

INT News12 October 2026 at 03:32 pm

शाजापुर में सोमवार को सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों ने नई सड़क स्थित मुख्य डाकघर का दौरा किया। इस दौरान छात्रों ने डाकघर का कामकाज समझा और कार्यालय का दौरा किया। शाजापुर में 9 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका मकसद नागरिकों को डाक सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। विद्यार्थियों ने डाक विभाग की शाखाएं देखीं। उन्होंने पत्रों के संकलन से वितरण तक की प्रक्रिया समझी। साथ ही, डाकघर की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी ली। पोस्टमास्टर ने डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी मुख्य पोस्टमास्टर हरि शंकर वट ने उन्हें डाकघर के कामकाज, बचत, बीमा और डिजिटल सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा की डिजिटल संचार के दौर में भी, सरकारी और जरूरी दस्तावेजों को भेजने में डाक विभाग की भूमिका अहम है। डाक विभाग अपनी सेवाओं के माध्यम से लोगों तक पहुंच बनाए हुए है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शनियों और जागरूकता शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों को भी मुख्य डाकघर का भ्रमण कराकर डाक सेवाओं और योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।