समाचार · बिहार
पटना में बख्यियारपुर-दीदारगंज सहित 11 थानों के 72 पुलिसकर्मियों का वेतन रुका, जानिए एसपी ने क्यों लिया एक्शन

Patna 72 Police Officers Salaries Withheld : पटना एसपी ने 11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की है. एसपी ने अगले आदेश तक सभी पदाधिकारियों का वेतन रोक दिया है. जानकारी अनुसार निर्धारित समय सीमा में कांडों का निष्पादन नहीं करने के कारण कार्रवाई की गई है. संबंधित अधिकारियों पर अनुसंधान में ढिलाई बरतने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने का मामला सामने आया है.
समीक्षा में लक्ष्य पूरा नहीं करने का मामला आया सामने
पुलिस विभाग में सितंबर के दौरान दर्ज कांडों के अनुसंधान और निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान पाया गया कि कई अनुसंधानकर्ता अपने जिम्मे के मामलों में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके. कामकाज में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी ने वेतन रोकने का आदेश जारी किया.
बख्तियारपुर थाना के सबसे अधिक 13 पदाधिकारी कार्रवाई की जद में
इस कार्रवाई में बख्तियारपुर थाना के 13 पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं. इसके अलावा बाढ़ थाना के 11, अथमलगोला के 10 और फतुहा थाना के आठ पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गयी है. खुसरूपुर थाना के सात और पंडारक थाना के छह पुलिस पदाधिकारियों का वेतन भी रोका गया है.
दीदारगंज और सालिमपुर के पांच-पांच अधिकारी शामिल
दीदारगंज और सालिमपुर थाना के पांच-पांच पुलिस पदाधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की गयी है. वहीं, मरांची थाना के तीन तथा मोकामा और नदी थाना के दो-दो पदाधिकारी भी इस सूची में शामिल हैं. इस तरह कुल 11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गयी है.
लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का प्रयास
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य लंबित कांडों के अनुसंधान और निष्पादन की प्रक्रिया में तेजी लाना है. ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने और जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जायेंगे. उन्होंने अनुसंधान में शिथिलता और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी को गंभीर मामला बताते हुए ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही है.
Also Read : पटना में बेटे-बहू पर हमला करने वाले 70 वर्षीय शख्स का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, घटना के बाद घर से निकल गए थे बुजुर्ग