समाचार · उत्तर प्रदेश
CAT में 99.97% और IIM अहमदाबाद में टॉप रैंक: जानिए विदेश की नौकरी छोड़ वेंचर कैपिटल जगत में धूम मचा रहे लखनऊ के सिद्धांत अग्रवाल की कहानी

IIM Ahmedabad Gold Medalist Siddhant Agarwal: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक मिडिल क्लास परिवार से निकलकर सिद्धांत अग्रवाल ने देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी पहचान बनाई. पहले आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग, फिर CAT में 99.97 परसेंटाइल और इसके बाद आईआईएम अहमदाबाद में गोल्ड मेडल हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की. अमेरिका में नौकरी करने के बाद सिद्धांत भारत लौटे और अब वेंचर कैपिटल की दुनिया में काम करते हुए स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं.
लखनऊ से IIT खड़गपुर तक का सफर
सिद्धांत अग्रवाल की शुरुआती पढ़ाई ICSE बोर्ड से हुई. उन्होंने 10वीं में 96.57 प्रतिशत और 12वीं (ISC) में 96.60 प्रतिशत अंक हासिल किए. उनके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) होने के साथ-साथ शिक्षक भी हैं. स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद सिद्धांत ने आईआईटी खड़गपुर में दाखिला लिया, जहां से उन्होंने मैकेनिकल और फाइनेंशियल इंजीनियरिंग में इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री हासिल की. इंजीनियरिंग के दौरान ही उन्होंने अपने करियर को लेकर बड़े लक्ष्य तय करने शुरू कर दिए थे.
अमेरिका में नौकरी के बाद MBA करने का फैसला
आईआईटी खड़गपुर से पढ़ाई पूरी करने के बाद सिद्धांत अग्रवाल ने अमेरिका के प्रतिष्ठित संस्थान कैपिटल वन (Capital One) में रिस्क मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम किया. हालांकि, वह अपने करियर में ऐसी भूमिका चाहते थे, जिसमें कारोबार से सीधा जुड़ाव हो और बड़े फैसले लेने की जिम्मेदारी मिले. इसी उद्देश्य से उन्होंने मैनेजमेंट की पढ़ाई करने का फैसला किया. इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष में ही उन्होंने CAT यानी कॉमन एडमिशन टेस्ट की तैयारी शुरू कर दी थी.
CAT में पहली कोशिश में हासिल किए 99.97 परसेंटाइल
सिद्धांत अग्रवाल ने CAT परीक्षा के पहले ही प्रयास में 99.97 परसेंटाइल हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की. उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें देश के तीन प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों- आईआईएम अहमदाबाद, आईआईएम बेंगलुरु और आईआईएम कोलकाता से दाखिले के ऑफर मिले. इसके बावजूद उन्होंने एमबीए के लिए आईआईएम अहमदाबाद को चुना. यहां केस स्टडी पर आधारित पढ़ाई और चुनौतीपूर्ण शैक्षणिक माहौल ने उन्हें मैनेजमेंट की बारीकियां समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर दिया.
IIM अहमदाबाद में बैच में पहली रैंक, मिला गोल्ड मेडल
आईआईएम अहमदाबाद के 2022-24 बैच में सिद्धांत अग्रवाल ने संस्थान में पहली रैंक हासिल की और गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस उपलब्धि के पीछे उनकी पढ़ाई के प्रति गंभीरता, अनुशासन और समय का सही इस्तेमाल करने की आदत अहम रही. उन्होंने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी, लेकिन कैंपस लाइफ का भी भरपूर आनंद लिया. दोस्तों के साथ रात में साबरमती रिवरफ्रंट पर बाइक राइड, देर रात आइसक्रीम और सुबह चार बजे पोहा खाने के बाद सुबह नौ बजे की क्लास में समय पर पहुंचना उनकी कॉलेज लाइफ का हिस्सा था. पढ़ाई और निजी जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने अपने बैच में शीर्ष स्थान हासिल किया.
Elevation Capital में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट हैं सिद्धांत
आईआईएम अहमदाबाद से गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद सिद्धांत अग्रवाल ने अपने करियर को वेंचर कैपिटल की दुनिया में आगे बढ़ाया. वह अब एलिवेशन कैपिटल (Elevation Capital) में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं. यहां वह फिनटेक और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी से जुड़े स्टार्टअप्स में निवेश के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. अमेरिका में नौकरी करने के बाद भारत लौटकर उन्होंने देश के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़ने का रास्ता चुना है.
AI और डीप-टेक में देखते हैं भारत के लिए बड़ी संभावनाएं
सिद्धांत अग्रवाल का मानना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रही है. आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप-टेक जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं. आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग, CAT में शानदार प्रदर्शन, आईआईएम अहमदाबाद में गोल्ड मेडल और वेंचर कैपिटल में करियर तक का उनका सफर दिखाता है कि स्पष्ट लक्ष्य, मेहनत और अनुशासन के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई जा सकती है.
Must Read- डिग्री कोई भी हो, मंजिल माटी है... नौकरी ठुकराकर खेतों की शिल्पकार बनीं शिल्पी, संवार रहीं 200 बेटियों की तकदीर